अर्जुन्दा, बालोद। पीएम श्री सेजेस अर्जुन्दा में भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की।
समारोह का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने भाषण, कविता, गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए आभार व्यक्त किया।
खेल के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान
शिक्षक दिवस समारोह के दौरान विद्यालय के पीटीआई अश्वनी पटेल को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्राचार्य द्वारा उन्हें मेमेंटो एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवार ने उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रहकर ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी और निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए धन्यवाद एवं सम्मान संदेश प्रस्तुत किए तथा शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय परिसर में आयोजित विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की संस्था प्रमुख श्रीमती शोभा यादव ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह ने विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।

