जिला स्तरीय मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण एवं शिक्षक सम्मान समारोह में उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान
बालोद, 18 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण एवं शिक्षक सम्मान समारोह’ का आयोजन आमापारा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में सांसद भोजराज नाग ने शिक्षा और शिक्षकों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु को ईश्वर के समान स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कारों का सिंचन कर उन्हें राष्ट्र निर्माण के योग्य बनाते हैं।
शासकीय योजनाओं और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता पर जोर
सांसद ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा के स्तर में सुधार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण’ जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वच्छ भारत अभियान’ जैसी योजनाओं में नागरिकों की सहभागिता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों को एकजुट होकर आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
डिजिटल युग में युवाओं को सही दिशा देने की जरूरत
सांसद नाग ने आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इंटरनेट पर कई तरह की भ्रामक जानकारियां भी उपलब्ध रहती हैं। ऐसे समय में शिक्षकों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने युवाओं को भारतीय संस्कृति, वेदों, रामायण और महाभारत से जुड़े नैतिक मूल्यों से परिचित कराने पर जोर दिया।
उन्होंने बालोद जिले और छत्तीसगढ़ को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू एवं प्रीतम साहू, राकेश (छोटू) यादव तथा वैभव राखेचा उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे सहित अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार समारोह में जिले के 2 राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक, 2 राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक, 3 ज्ञानदीप पुरस्कार प्राप्त शिक्षक, पांचों विकासखंडों से चयनित 15 शिक्षक दूत तथा संकुल स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले 173 शिक्षकों को शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।





