दाऊ उत्तम साव के मार्ग पर चलकर ही अच्छे समाज और देश का निर्माण संभव : ताम्रध्वज साहू

Darshan Balod
0

 



चिरपोटी में समाज रत्न दाऊ उत्तम साव का पुण्य स्मरण, संस्कार और सामाजिक एकजुटता का दिया संदेश

उदय साहू/डगनिया/अंडा। छत्तीसगढ़ साहू संघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं समाज रत्न दाऊ उत्तम साव के पुण्य स्मरण दिवस के अवसर पर शनिवार को ग्राम चिरपोटी में सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खोपली परिक्षेत्र साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं की बड़ी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में दाऊ उत्तम साव के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने संबोधन में कहा कि आज हम सबको भाजपाई और कांग्रेसी होने का गौरव महसूस होता है, लेकिन दुख की बात है कि हमें साहू होने का गौरव अनुभव नहीं होता। समाज में साहू होने का गौरव जगाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय चुनौतीपूर्ण होगा, इसलिए नई पीढ़ी को शिक्षा के साथ संस्कार देना सबसे जरूरी है। दाऊ उत्तम साव द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर ही अच्छे समाज और अच्छे देश का निर्माण संभव है।

ताम्रध्वज साहू ने कहा कि स्वर्गीय उत्तम साव खोपली परिक्षेत्र से ही थे और उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ में साहू समाज को संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। समाज के भीतर व्याप्त बुराइयों को दूर करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को नशे सहित अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश साहू संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने कहा कि दाऊ साहब ने समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया था। अब समाज की जिम्मेदारी है कि संस्कार विकास के लिए मिलजुलकर कार्य किया जाए। बच्चों में शिक्षा के साथ संस्कार का समावेश जरूरी है।

अतिविशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू ने समाज की महिला शक्ति को आगे आने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज को और सशक्त बनाया जा सकता है। जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष नन्दलाल साहू, प्रदेश महामंत्री राजेश साहू, तहसील दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष पी.आर. साहू एवं प्रदेश संगठन सचिव सुभाष साव ने भी अपने विचार रखे तथा दाऊ उत्तम साव के सामाजिक योगदान का स्मरण किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति श्रीमती श्रद्धा साहू, जनपद पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, जनपद सदस्य ढालेश साहू, ग्राम पंचायत चिरपोटी की सरपंच श्रीमती पूजा चंद्राकर, परिक्षेत्र अध्यक्ष घनश्याम गजपाल, युगल किशोर साहू, जामवंत गजपाल, चंद्रभूषण साहू, मनोज साहू, मीना साहू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन गुरुजी दयाराम साहू एवं घनश्याम गजपाल ने किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावपूर्ण और उत्साहपूर्ण बना दिया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top