ABVP के औचक निरीक्षण में सामने आईं कई समस्याएं, छात्र हित में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
डोंडी लोहारा। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोंडी लोहारा में बुनियादी सुविधाओं और भवन की स्थिति को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने सवाल उठाए हैं। ABVP जिला बालोद की टीम ने विद्यालय का औचक निरीक्षण कर परिसर में जर्जर भवन, बिजली व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता सहित विभिन्न समस्याएं सामने आने का दावा किया है।
निरीक्षण के दौरान अभाविप की प्रांत सह मंत्री मनीषा राणा एवं जिला संयोजक दिपेश साहू मौजूद रहे। टीम के अनुसार विद्यालय भवन की स्थिति जर्जर है। छत एवं दीवारों की हालत को लेकर विद्यार्थियों की सुरक्षा पर चिंता जताई गई। अभाविप ने भवन की तत्काल जांच कर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है।
निरीक्षण में विद्यालय की बिजली व्यवस्था को लेकर भी समस्या सामने आने की बात कही गई। अभाविप पदाधिकारियों के अनुसार कई कक्षाओं में पंखे एवं लाइट ठीक तरीके से संचालित नहीं हो रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पेयजल और स्वच्छता को लेकर भी उठे सवाल
विद्यालय में पेयजल व्यवस्था को लेकर भी अभाविप ने चिंता जताई। संगठन का कहना है कि वाटर कूलर एवं हैंडपंप की स्थिति ठीक नहीं है, जिसके कारण विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है।
इसी तरह विद्यालय परिसर एवं शौचालयों में साफ-सफाई की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए गए। अभाविप ने कहा कि विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
निरीक्षण के बाद प्रांत सह मंत्री मनीषा राणा ने कहा कि विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा को प्रभावित करता है। उन्होंने प्रशासन से समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने की मांग की।
जिला संयोजक दिपेश साहू ने कहा कि विद्यालय की जर्जर स्थिति के साथ बिजली, पेयजल और स्वच्छता जैसी समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



