डौंडीलोहारा। विकासखंड के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के पदों की पूर्ति की मांग को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और रिक्त पदों के कारण लोगों को हो रही परेशानियों से मंत्री को अवगत कराया।
कुसुम शर्मा के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बालोद के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उइके को आवश्यक कार्रवाई तथा रिक्त पदों की पूर्ति के लिए निर्देशित किया और शीघ्र नियुक्ति का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुबचेरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अरजपुरी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंगचुवा में चिकित्सा अधिकारी के पद रिक्त हैं। इसके अलावा विकासखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम और आरएचओ के भी विभिन्न पद रिक्त बताए गए हैं।
रिक्त पदों की पूर्ति को लेकर कुसुम शर्मा ने सीएमएचओ डॉ. जे.एल. उइके को मांगपत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र स्थानीय लोगों के लिए उपचार का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के कारण मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय और खर्च उठाना पड़ता है।
कुसुम शर्मा ने कहा कि चिकित्सकों, सीएचओ, एएनएम और आरएचओ की पर्याप्त उपलब्धता होने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर समय पर परामर्श, जांच एवं उपचार की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश के बाद संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और रिक्त पदों पर नियुक्तियां होने से डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं में राहत मिलेगी।

