राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने ली जिला समीक्षा बैठक, रक्तदान, अंगदान, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता अभियानों को लेकर हुई चर्चा
मुंगेली, 28 सितंबर। इंडिया रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू ने मुंगेली में जिला शाखा की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जनसेवा एवं मानवीय सहायता के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में रक्तदान, नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ सदस्यता विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं, नशा उन्मूलन, टीबी एवं एड्स जागरूकता, सड़क सुरक्षा तथा आपदा एवं मानवीय सहायता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में रेडक्रॉस ब्लड बैंक के संचालन एवं सुदृढ़ीकरण, जिला रेडक्रॉस कार्यालय के लिए व्यवस्था, शासकीय भूमि आवंटन की कार्यवाही तथा जिला अंगदान समिति के गठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही जूनियर रेडक्रॉस (JRC) एवं यूथ रेडक्रॉस (YRC) की गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को मानवीय सेवा से जोड़ने पर जोर दिया गया।
सड़क सुरक्षा और जनभागीदारी पर जोर
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता कर जीवन बचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘थैंक यू सर्टिफिकेट’ एवं प्रोत्साहन की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। इसके अलावा ‘सुरक्षा मित्र’ जैसी जनभागीदारी आधारित पहल के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विचार किया गया।
राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने कहा कि रेडक्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि जरूरतमंद तक समय पर सहायता और मानवीय संवेदना पहुंचाने का माध्यम है। जिला शाखाओं की सक्रियता और जनसहभागिता के माध्यम से रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, नशा मुक्ति, नेत्रदान एवं अंगदान जैसे अभियानों को गांव-गांव और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए रेडक्रॉस की गतिविधियों को अधिक संगठित, सक्रिय और जनकेंद्रित बनाने पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा मुंगेली के अध्यक्ष अमृत विकास टोप्पो, वाइस चेयरमैन रक्तदान उपसमिति बालाराम साहू, राज्य प्रबंध समिति सदस्य गिरीश कुर्रे, जिला चेयरमैन महीपाल सिंह, वाइस चेयरमैन संजीव गौरहा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सचिव केश कुमार गुप्ता तथा जिला संगठन अधिकारी मोहन लाल पटेल उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से मुंगेली जिले में रेडक्रॉस की आगामी गतिविधियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को मानवीय सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया गया।


