सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल धमतरी में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर
धमतरी, 28 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल धमतरी में रक्तदान महादान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन एवं वरदान परमार्थ सेवा समिति के अध्यक्ष तथा जय छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संस्थान के प्रदेश सलाहकार शिवा प्रधान ने अपना 41वां रक्तदान किया।
शिवा प्रधान लंबे समय से नियमित रक्तदान के साथ लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते रहे हैं। उन्होंने कहा, “मानव सेवा ही प्रभु सेवा है।” उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसकी मदद की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि रक्त की आवश्यकता थैलेसीमिया, सिकल सेल, प्रसव सहित विभिन्न गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को पड़ती है। ऐसे में नियमित रक्तदान से ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रखने में मदद मिलती है।
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा समय-समय पर रक्तदान, अंगदान एवं नेत्रदान को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। इन अभियानों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मानवीय सेवा से जोड़ना और जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाना है।
रक्तदान शिविर में सिविल सर्जन आदित्य सिन्हा, पप्पू सिंधे, रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य तथा जय छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संस्थान के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मोहनी साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष भारती साहू, वार्ड अध्यक्ष रितु प्रधान, मंजू टेमरे एवं भारती सोनी सहित अन्य सदस्यों ने भी रक्तदान एवं जनसेवा अभियान में सहभागिता की।


