पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला जगतरा की सहायक शिक्षक एलबी को श्रीफल, शॉल, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और ₹5000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई
बालोद। बच्चों को कविता, खेल-खेल में शिक्षा और टीएलएम के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने के साथ गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने वाली पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला जगतरा, विकासखंड एवं जिला बालोद की सहायक शिक्षक एलबी श्रीमती पद्मिनी साहू को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग एवं बालोद कलेक्टर दिव्या मिश्रा की उपस्थिति में श्रीमती पद्मिनी साहू को श्रीफल, शॉल, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र तथा ₹5000 की पुरस्कार राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
श्रीमती पद्मिनी साहू ने प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों में सीखने की रुचि विकसित करने के लिए पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ-साथ कविता, खेल और विभिन्न गतिविधियों का प्रयोग किया। उन्होंने टीएलएम एवं स्वयं निर्मित शिक्षण सामग्री के माध्यम से बच्चों को विषयों को सरल एवं रोचक तरीके से समझाने का प्रयास किया। गतिविधि आधारित शिक्षण के जरिए बच्चों को सीखने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय में बच्चों की प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। FLN (Foundational Literacy and Numeracy) के क्षेत्र में भी उनका कार्य उल्लेखनीय रहा है। उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें पूर्व में राज्य स्तरीय FLN वॉरियर्स पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
श्रीमती पद्मिनी साहू ने टीएलएम निर्माण तथा उपलब्ध शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग को अपनी शिक्षण प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया। उनका प्रयास रहा कि बच्चे केवल किताबों तक सीमित न रहें, बल्कि गतिविधियों और प्रयोगों के माध्यम से विषयों को समझें और सीखने की प्रक्रिया को रुचिकर बनाएं।
विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
श्रीमती पद्मिनी साहू को मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार मिलने पर संस्था की प्रधान पाठक श्रीमती खेमलता ठाकुर, श्रीमती अनुपमा चौबे, श्रीमती अन्नपूर्णा मंडावी, सुश्री तबस्सुम, श्री टिकेश्वर साहू, संकुल समन्वयक छोटेलाल चंद्राकर, संकुल प्राचार्य श्रीमती अंजना बैक सहित संकुल के समस्त शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


