दियाबती–कंवर मार्ग का मामला, सड़क की स्थिति को लेकर उठे सवाल, ग्रामीणों ने निरीक्षण और सुधार की मांग की
गुरुर। लगातार बारिश के बीच क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों की स्थिति खराब होने लगी है। अकलवारा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी सड़क का एक किनारा बारिश के पानी के बहाव में बह गया है। वहीं पुल के पास सड़क किनारे बड़ा गड्ढा बन जाने से आवागमन के दौरान हादसे का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के बाद सड़क के एक हिस्से की मिट्टी और किनारा बह गया है। पुल के पास बने गड्ढे के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं की गई तो बारिश के दौरान सड़क को और नुकसान पहुंच सकता है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र के अजेंद्र साहू ने सड़क की स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान सड़क की वास्तविक स्थिति सामने आ रही है, ऐसे में संबंधित विभाग को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना चाहिए। दियाबती से कंवर मार्ग पर उक्त सड़क की स्थिति पर सवाल उठाए गए हैं। क्षेत्र में लगातार बारिश को देखते हुए ग्रामीण मार्गों की स्थिति का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि PMGSY जैसी महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों पर बारिश के दौरान जल निकासी और सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है, ताकि आवागमन बाधित न हो और दुर्घटना की स्थिति निर्मित न हो।


