मलखंभ, अखाड़ा कुश्ती और कबड्डी का संगम, छत्तीसगढ़भर से जुटेंगे पहलवान
बालोद। 110 वर्षों से अधिक समय से खेल एवं व्यायाम के क्षेत्र में सक्रिय बालोद जिले की जय बजरंग अखाड़ा व्यायाम शाला द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 2 अक्टूबर, शुक्रवार को एकदिवसीय राज्य स्तरीय महिला-पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता सरदार वल्लभ भाई पटेल हाई स्कूल मैदान, बालोद में होगी। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
व्यायाम शाला के सचिव विजय पारख ने बताया कि प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहलवान हिस्सा लेंगे। पुरुष वर्ग में पहलवानों को छह वजन वर्गों में प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा। इनमें छत्तीसगढ़ केसरी 71 से 100 किलोग्राम, छत्तीसगढ़ बाली 63 से 70 किलोग्राम, छत्तीसगढ़ सुग्रीव 56 से 62 किलोग्राम, छत्तीसगढ़ अंगद 49 से 55 किलोग्राम, छत्तीसगढ़ नील 42 से 48 किलोग्राम तथा छत्तीसगढ़ नल 30 से 41 किलोग्राम वजन वर्ग शामिल हैं।
महिला एवं बालिका वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई 40 से 50 किलोग्राम तथा रानी दुर्गावती 51 से 60 किलोग्राम वजन वर्ग में मुकाबले होंगे। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
पहलवानों के आवास और भोजन की व्यवस्था
विजय पारख ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले पहलवानों एवं उनके कोचों के आवास, भोजन और आतिथ्य की समुचित व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की गई है। सभी प्रतिभागी पहलवान अपने उस्ताद एवं कोच के साथ 1 अक्टूबर को प्रतियोगिता स्थल बालोद पहुंचेंगे।
प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि कलेक्टर दिव्या मिश्रा, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण तथा विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ कुश्ती संघ के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह में नगर पालिका बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी मुख्य अतिथि, जिला पंचायत बालोद अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर विशिष्ट अतिथि तथा गुंडरदेही के समाजसेवी जशवंत सिंह सिन्हा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
बच्चों और युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण
जय बजरंग अखाड़ा व्यायाम शाला में मलखंभ, अखाड़ा कुश्ती, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। संस्था के वरिष्ठ एवं प्रशिक्षित गुरुजनों और उस्ताद पहलवानों द्वारा बच्चों, युवाओं एवं युवतियों को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें नशे से दूर रहने और शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के लिए खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता खेल नियमों के अनुरूप आयोजित की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने में जिले के समाजसेवियों, खेलप्रेमियों, विभिन्न संस्थाओं तथा शासन-प्रशासन का सहयोग मिल रहा है।

