भखारा पुलिस की कार्रवाई; लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के FD बॉन्ड जब्त
धमतरी। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कियोस्क संचालन से जुड़े एक मामले में भखारा पुलिस ने कथित तौर पर खाताधारकों के साथ बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी और गबन करने के आरोप में कियोस्क संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में 1,00,75,717 रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार NICT Technologies Pvt. Ltd. के धमतरी जिला प्रबंधक जुगलकिशोर, निवासी चरमुडिया, थाना कुरूद ने भखारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी संस्था भारतीय स्टेट बैंक के अनुबंध के आधार पर कियोस्क यानी ग्राहक सेवा केंद्रों का संचालन कराती है। ग्राम कोरा स्थित कियोस्क के संचालन के लिए केशव राम साहू को अनुबंध के तहत नियुक्त किया गया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच SBI खाताधारकों के साथ वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना किए जाने का आरोप है। शिकायत के आधार पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 102/2026, धारा 318(4), 338 एवं 336(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
कियोस्क से लैपटॉप और 29 FD बॉन्ड जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात सामने आई। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए गए।
पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 21 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय कुरूद के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बालोद का मूल निवासी, रायपुर में रह रहा था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान केशव राम साहू (40 वर्ष), पिता हेमलाल साहू के रूप में हुई है। उसका मूल निवास देवकोट, चौकी कंवर, थाना गुरूर, जिला बालोद बताया गया है। पुलिस के अनुसार वर्तमान में वह बोरिया खुर्द, अर्जुन विहार, थाना मुजगहन, जिला रायपुर में रह रहा था।
पुलिस ने बैंक और कियोस्क के माध्यम से लेन-देन करने वाले नागरिकों से अपनी पासबुक, रसीद और अन्य दस्तावेजों की नियमित जांच करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने को सूचना देने कहा गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में भखारा पुलिस द्वारा की गई।


