राज्यपाल रमेन डेका ने किया सम्मानित, सर्वश्रेष्ठ स्काउटर, गाइडर और स्काउट को 10-10 हजार रुपये की सम्मान राशि
बालोद। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित वर्ष 2025 की राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा में सफल होकर बालोद जिले के 101 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स ने जिले का गौरव बढ़ाया है। 29 अक्टूबर को रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस उपलब्धि के साथ बालोद जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा।
समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, राज्य सचिव अमित क्षत्रिय, शिक्षा सचिव कमलप्रीत सिंह और लोकभवन सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
32 स्काउट्स, 37 गाइड्स, 11 रोवर्स और 21 रेंजर्स हुए सफल
बालोद जिले से कुल 101 प्रतिभागियों ने राज्य पुरस्कार प्राप्त किया। इनमें 32 स्काउट्स, 37 गाइड्स, 11 रोवर्स और 21 रेंजर्स शामिल हैं। जिले की ओर से प्रतिनिधि के रूप में लीकेश देशमुख (स्काउट), सेजेस दुधली; काजल (गाइड), हायर सेकेंडरी धनेली; शुभम भारती (रोवर), सेजेस मोहंदीपाट और डिम्पल गावरे (रेंजर), सेजेस बालोद ने राज्य पुरस्कार ग्रहण किया।
सर्वश्रेष्ठ स्काउटर, गाइडर और स्काउट को मिला सम्मान
राज्य स्तर पर सत्र 2025-26 के लिए बालोद जिले के तीन प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सर्वश्रेष्ठ श्रेणी में सम्मानित किया गया। इनमें सर्वश्रेष्ठ स्काउटर के रूप में डौंडी के एलटी कब मास्टर योगेश्वर प्रसाद गांगुली, सर्वश्रेष्ठ गाइडर के रूप में कन्या आश्रम प्राथमिक शाला डौंडी की तनुजा बंजारे और सर्वश्रेष्ठ स्काउट के रूप में सेजेस दुधली के राजवीर भट्ट शामिल हैं।
तीनों को प्रमाणपत्र के साथ 10-10 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। समारोह में बालोद जिले की ओर से प्रभारी के रूप में लिली पुष्पा एक्का उपस्थित रहीं।
राज्यपाल ने दिया सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं से समाजसेवा में सक्रिय योगदान देने, जल-जंगल की रक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों से जुड़कर प्रकृति संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की।
राज्यपाल ने कहा कि स्काउटिंग का आदर्श वाक्य ‘तैयार रहो’ हर परिस्थिति में जिम्मेदारी निभाने और सेवा के लिए तत्पर रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सम्मानित प्रतिभागियों को अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
शिक्षा मंत्री ने अनुशासन और समर्पण को बताया स्काउटिंग की पहचान
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउटिंग की वर्दी अनुशासन, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। इस संगठन से जुड़ा व्यक्ति जीवनभर सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त करता है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को समाजसेवा के साथ शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला मुख्य आयुक्त ने दी बधाई
जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव ने राज्य पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, सेवाभाव और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी प्रतिभागी भविष्य में भी नए मुकाम हासिल करेंगे और राष्ट्र की सेवा में हमेशा तत्पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बालोद जिले के बच्चों की यह सफलता अन्य स्काउट्स और गाइड्स को भी राज्य पुरस्कार प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।
अनुशासन और कठिन प्रशिक्षण से मिलता है राज्य पुरस्कार
जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) नेमसिंह साहू ने बताया कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का राज्य पुरस्कार प्राप्त करना गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इसके लिए प्रतिभागियों को निर्धारित प्रशिक्षण, परीक्षाएं, दक्षता बैज और विभिन्न सेवा कार्य पूरे करने होते हैं।
उन्होंने बताया कि स्काउट्स और गाइड्स के लिए प्रवेश स्तर से राज्य पुरस्कार तक की प्रक्रिया लगभग 30 महीने की होती है, जबकि रोवर्स और रेंजर्स के लिए यह अवधि लगभग 18 महीने है। इस दौरान प्रतिभागियों को मौखिक, प्रायोगिक और लिखित परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है। यह पुरस्कार उनकी निष्ठा, सेवाभाव और नेतृत्व क्षमता का सम्मान है।
राष्ट्रपति पुरस्कार की तैयारी का खुलेगा रास्ता
जिला संगठन आयुक्त (गाइड) प्रेमलता चंद्राकर ने कहा कि राज्य पुरस्कार प्राप्त करने के बाद विद्यार्थी राष्ट्रपति पुरस्कार की तैयारी के लिए पात्रता हासिल करते हैं। उन्होंने बच्चों की मेहनत और उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी देश और समाज की सेवा करते रहने का आह्वान किया।
जिले में लगातार हो रहे सेवा और प्रशिक्षण के कार्य
बालोद जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे, जिला सचिव केएल गजेन्द्र, जिला कोषाध्यक्ष सत्यवान पिपरिया, जिला संयुक्त सचिव मधुमाला कौशल, जिला प्रशिक्षण आयुक्त भुवन सिन्हा एवं सीमा साहू तथा जिला संगठन आयुक्त प्रेमलता चंद्राकर और नेमसिंह साहू के मार्गदर्शन में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही विभिन्न विकासखंडों के शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड सचिवों मिलन सिन्हा, चंद्रशेखर दिल्लीवार, मनीराम साहू और रूपेन्द्र सिन्हा तथा संयुक्त सचिव तनुजा बंजारे एवं लिली पुष्पा एक्का सहित जिले के स्काउटर्स और गाइडर्स द्वारा बच्चों को प्रशिक्षण देने और विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
जिला सचिव केएल गजेन्द्र ने सभी पुरस्कार प्राप्त प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर जिले को गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बालोद के पदाधिकारियों, संस्था प्रमुखों, स्काउटर्स और गाइडर्स ने सभी सफल प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जिले के 101 बच्चों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।



