राजहरा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करते आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 




32 पौवा देशी शराब और बिक्री की 490 रुपये नकदी जब्त, आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

दल्ली राजहरा, 31 अक्टूबर। दल्ली राजहरा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 पौवा शोले प्लेन देशी शराब, जिसकी कुल मात्रा 5.760 बल्क लीटर है, और शराब बिक्री की 490 रुपये नकदी जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 3,050 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा सीएसपी राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में अवैध जुआ, सट्टा और शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 30 अक्टूबर 2026 की शाम पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 2 पंडरदल्ली, राजहरा पुलिया के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।

सूचना पर राजहरा पुलिस ने पुलिस स्टाफ एवं गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी शंकर सुरेन्द्र (28 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 2, पंडरदल्ली, थाना राजहरा, जिला बालोद के कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखे 32 पौवा शोले प्लेन देशी शराब और बिक्री की नकदी 490 रुपये बरामद की गई।

पुलिस ने शराब की कीमत 2,560 रुपये आंकी है। नकदी सहित कुल 3,050 रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद में निरुद्ध कराया गया।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

राजहरा पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, गांजा बिक्री एवं नशीली दवाओं जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इन गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल जाना पड़ सकता है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top