फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने कृषक उन्नति योजना के तहत सहायता; पहले से दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो-कुटकी, रागी और कपास उगाने वाले किसानों को भी ₹10 हजार प्रति एकड़
बालोद, 18 अक्टूबर 2026। जिले के किसानों की आय बढ़ाने और धान पर निर्भरता कम करते हुए फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन कराने का अवसर है।
धान की जगह दूसरी खरीफ फसल लेने पर ₹15 हजार प्रति एकड़
योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026 में धान के स्थान पर कोई अन्य खरीफ फसल लगाने वाले किसानों को ₹15,000 प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इससे किसानों को परंपरागत धान की खेती के साथ अन्य लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
इन फसलों की खेती करने वालों को भी मिलेगा ₹10 हजार
जो किसान पहले से दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों की खेती कर रहे हैं, उन्हें भी योजना के तहत ₹10,000 प्रति एकड़ की सहायता राशि दी जाएगी।
योजना की सहायता राशि किसानों के बैंक खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे भेजी जाएगी।
31 अक्टूबर तक सेवा सहकारी समिति में कराएं पंजीयन
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को अपने क्षेत्र की निकटतम सेवा सहकारी समिति के माध्यम से एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में कृषि विभाग ने जिले के सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपनी सेवा सहकारी समिति में पहुंचकर पंजीयन कराएं और कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली सहायता का लाभ उठाएं।
क्रमांक/932/चंद्रवंशी

