नए आइडिया से बदलें समाज की तस्वीर, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में 17 अक्टूबर तक आवेदन

Darshan Balod
0

 



विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को नवाचारी विचारों के साथ पंजीयन का अवसर

बालोद, 6 अक्टूबर 2026। जिले में नवाचार और नए विचारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित इस चैलेंज में जिले के विद्यार्थी, युवा, नवोदित नवाचारकर्ता और आम नागरिक अपने नए एवं उपयोगी विचारों के साथ 17 अक्टूबर तक पंजीयन करा सकते हैं।

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का उद्देश्य समाज और आम नागरिकों के सामने आने वाली समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने वाले नवाचारी विचारों को मंच प्रदान करना है। ऐसे विचार, जो उपयोगी, प्रभावी और व्यवहारिक हों तथा किसी समस्या के समाधान में मदद कर सकें, उन्हें आगे विकसित करने का अवसर प्रतिभागियों को मिलेगा।

उत्कृष्ट विचारों को 10 लाख रुपए तक का पुरस्कार

चैलेंज के तहत उत्कृष्ट नवाचारी विचारों को 10 लाख रुपए तक के पुरस्कार से प्रोत्साहित किए जाने की व्यवस्था है। इसके अलावा चयनित प्रतिभागियों को अपने विचारों को आगे विकसित करने, नवाचार के क्षेत्र में पहचान बनाने और भविष्य में रोजगार एवं करियर के नए अवसर तलाशने का अवसर भी मिल सकता है।

जिला प्रशासन का मानना है कि एक बेहतर नवाचारी विचार केवल किसी सामाजिक समस्या का समाधान ही नहीं कर सकता, बल्कि आगे चलकर आय और रोजगार का माध्यम भी बन सकता है। सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज ऐसे ही विचारों को पहचान और मंच देने की पहल है।

बालोद के युवाओं से आगे आने की अपील

जिला प्रशासन ने जिले के विद्यार्थियों, युवाओं, नवाचारकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नए और उपयोगी विचारों को सामने लाएं तथा 17 अक्टूबर तक सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में पंजीयन कराकर इस अवसर का लाभ उठाएं।

अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से जिले में नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए नए और रचनात्मक प्रयासों को गति मिल सकती है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस पहल में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top