किसानों के लिए बड़ी राहत! बालोद में 1 नवंबर से मनरेगा के काम रहेंगे बंद, खेती-किसानी को मिलेगी प्राथमिकता

Darshan Balod
0

 



धान कटाई से लेकर रबी फसलों की बुआई तक तय हुई अवधि, खेतों में काम के लिए मजदूरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने प्रशासन की पहल

बालोद, 27 अक्टूबर 2026। धान कटाई और रबी फसलों की बुआई के महत्वपूर्ण समय में किसानों को मजदूरों की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए बालोद जिला प्रशासन ने अहम पहल की है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार, चरम कृषि मौसम के दौरान ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025’ के तहत संचालित कार्य निर्धारित अवधि के लिए स्थगित रहेंगे। इसका उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों की उपलब्धता खेती-किसानी के लिए सुनिश्चित करना है।

छत्तीसगढ़ शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अधिनियम की धारा 6(2) के तहत चरम कृषि मौसम की अवधि अधिसूचित की है। इन अवधियों में योजना के नए कार्यों की स्वीकृति, शुरुआत और संचालन नहीं किया जाएगा, ताकि कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध हो सकें।

धान कटाई से रबी फसलों की बुआई तक तय हुई अवधि

शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, खरीफ फसलों की कटाई के लिए 1 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक योजना के कार्य स्थगित रहेंगे। वहीं रबी फसलों की बुआई के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 और रबी फसलों की कटाई के लिए 16 मार्च से 30 मार्च 2027 तक कार्य स्थगित रखने का प्रावधान किया गया है।

इन अवधियों में धान, मक्का, अरहर, मूंग, उड़द और सोयाबीन जैसी खरीफ फसलों की कटाई के साथ गेहूं, चना, सरसों, अलसी और सब्जियों की खेती से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने में किसानों को मदद मिलने की उम्मीद है।

खेतों में मिल सकेंगे मजदूर, समय पर पूरे होंगे कृषि कार्य

कृषि सीजन के दौरान योजना के कार्य स्थगित रहने से ग्रामीण श्रमिक खेती-किसानी के कामों के लिए उपलब्ध हो सकेंगे। इससे किसानों को फसलों की कटाई और बुआई समय पर पूरी करने में सहूलियत मिलेगी। समय पर कृषि कार्य पूरा होने से फसल उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं को भी मजबूती मिल सकती है।

मजदूरी और पात्र भुगतान नहीं होंगे प्रभावित

निर्धारित अवधि में योजना के कार्य स्थगित रहने के बावजूद पात्र हितग्राहियों के बेरोजगारी भत्ते, मजदूरी भुगतान में देरी के मुआवजे तथा प्रशासनिक व्यय से संबंधित भुगतान नियमानुसार जारी रहेंगे। इससे पात्र हितग्राहियों के भुगतान संबंधी अधिकारों की निरंतरता बनी रहेगी।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि चरम कृषि मौसम में योजना के कार्यों को निर्धारित अवधि के लिए स्थगित करने का उद्देश्य किसानों को खेती-किसानी के लिए पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध कराना है। इससे कृषि कार्य समय पर पूरे करने और ग्रामीण आजीविका को मजबूती देने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, किसानों की जरूरतों, ग्रामीण श्रमिकों की उपलब्धता और शासकीय योजनाओं के संतुलित क्रियान्वयन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top