पटवारियों की हड़ताल के बीच बालोद के लोगों को राहत, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र के लिए कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

Darshan Balod
0

 



15 दिनों से प्रभावित राजस्व कार्यों को गति देने की पहल, आरआई को जरूरी प्रमाण पत्र समय पर जारी करने की जिम्मेदारी

बालोद, 27 अक्टूबर 2026। जिले में पिछले करीब 15 दिनों से पटवारियों की हड़ताल के कारण आम नागरिकों के राजस्व संबंधी और रोजमर्रा के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। इसे देखते हुए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

कलेक्टर के निर्देशानुसार, सभी संबंधित राजस्व निरीक्षकों (आरआई) को आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र समय पर जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हड़ताल के कारण लोगों को जरूरी दस्तावेज बनवाने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके साथ ही नागरिकों से जुड़े अन्य आवश्यक दस्तावेजों और शासकीय कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आम लोगों के दैनिक जीवन से जुड़े कार्यों में बेवजह देरी न हो और उन्हें निर्धारित समय पर शासकीय सुविधाएं मिलती रहें।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के बावजूद जरूरी शासकीय सेवाएं सुचारु रूप से जारी रहनी चाहिए। जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सजग है और आवश्यक सेवाओं को जारी रखने के लिए प्रयासरत है।

प्रशासन की इस पहल से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी राजस्व कार्यों के लिए परेशान हो रहे नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top