ट्रेन पकड़ने निकलने से पहले जरूर जांच लें परिचालन की स्थिति, तेज हवाओं और बारिश के बीच प्लेटफॉर्म से लेकर फुट ओवरब्रिज तक सावधानी बरतने की अपील
रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रेल यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी लें और संभावित खराब मौसम को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतें।
स्टेशनों पर उद्घोषणा और डिजिटल स्क्रीन से मिलेगी जानकारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों का प्रचार कर रहा है। इसके लिए रेलवे स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना एवं डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा है।
ट्रेन पकड़ने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य लें। खराब मौसम और सड़क यातायात में संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय पहले स्टेशन पहुंचें।
स्टेशन पर होने वाली उद्घोषणाओं और रेलवे अधिकारियों-कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें। बारिश के कारण प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सीढ़ियों पर फिसलन हो सकती है, इसलिए वहां विशेष सतर्कता बरतें। यात्रियों से रेलवे ट्रैक पार करने से बचने और निर्धारित यात्री क्षेत्रों में ही रहने की अपील भी की गई है।
मोबाइल चार्ज रखें, अफवाहों से बचें
यात्रियों को सलाह दी गई है कि मोबाइल फोन चार्ज रखें तथा आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क संबंधी जानकारी अपने पास रखें। ट्रेन के नियमन, मार्ग परिवर्तन या निरस्तीकरण से संबंधित जानकारी के लिए केवल रेलवे के आधिकारिक संचार माध्यमों पर भरोसा करें।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि संभावित प्रतिकूल मौसम के दौरान सतर्क रहें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके।

