महिला की जान बचाने से लेकर ‘हॉट एक्सल’ पकड़ने तक… रेल संरक्षा के 4 सजग प्रहरियों को महाप्रबंधक ने किया सम्मानित

Darshan Balod
0


 


ड्यूटी के दौरान दिखाई असाधारण सतर्कता, संभावित हादसों को टालने में निभाई अहम भूमिका; महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया सम्मानित

बिलासपुर/रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेल परिचालन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ड्यूटी के दौरान असाधारण सजगता और कर्तव्यनिष्ठा दिखाने वाले चार रेल कर्मचारियों को महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने सम्मानित किया। कर्मचारियों को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय संरक्षा संबंधी कार्यों के लिए दिया गया।

ट्रैक पर कूदी महिला, स्टेशन मास्टर ने बचाई जान

सिलयारी स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत श्री आनंद प्रकाश उपाध्याय ने ड्यूटी के दौरान ट्रैक पर कूदी एक महिला को देखकर तत्काल सक्रियता दिखाई और उसका जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी सजगता से एक संभावित गंभीर घटना को टाला जा सका और ट्रेन परिचालन में संरक्षा सुनिश्चित हुई।

सिकोसा-गुंडरदेही के बीच ट्रैक में दिखी गड़बड़ी, लोको पायलट ने संभाली ट्रेन

दुर्ग में पदस्थ लोको पायलट (पैसेंजर) श्री महेन्द्र कुमार साहू ने ड्यूटी के दौरान सिकोसा और गुंडरदेही के बीच भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक में आई अनियमितता को समय रहते पहचान लिया। उन्होंने तत्काल ट्रेन पर नियंत्रण पाया और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी। उनकी सतर्कता से रेल परिचालन में संभावित जोखिम को टालने में मदद मिली।

चलती ट्रेन में दूसरे मालगाड़ी के वैगन में दिखा ‘हॉट एक्सल’

कोरबा में पदस्थ लोको पायलट (गुड्स) श्री हरेन्द्र कुमार नैला स्टेशन से लांग हॉल अप ट्रेन का परिचालन कर रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से गुजर रही मालगाड़ी के एक वैगन में उन्होंने ‘हॉट एक्सल’ की स्थिति को पहचान लिया। उन्होंने बिना देर किए संबंधित अधिकारियों को सूचना दी, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सकी।

गुदमा स्टेशन से गुजर रही मालगाड़ी में भी पकड़ी तकनीकी खराबी

डोंगरगढ़ स्टेशन पर वरिष्ठ मालगाड़ी प्रबंधक श्री मयंक भेलोटकर ने ड्यूटी के दौरान गुदमा स्टेशन से गुजर रही मालगाड़ी के एक वैगन में ‘हॉट एक्सल’ की पहचान की। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। समय पर मिली जानकारी के चलते आवश्यक कार्रवाई कर ट्रेन का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।

महाप्रबंधक ने कहा—ऐसी सजगता दूसरों के लिए प्रेरणा

सम्मान समारोह में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की ऐसी सजगता, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सम्मानित कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, विभागाध्यक्ष सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top