26-27 और 28-29 अक्टूबर को संयुक्त जिला कार्यालय के ऑडिटोरियम में होगी ट्रेनिंग, जनवरी-फरवरी 2027 में होगा जनसंख्या गणना का फील्ड वर्क
बालोद, 23 अक्टूबर 2026। भारत की जनगणना-2027 को सुचारू, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए बालोद जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना के लिए जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए 26 से 27 अक्टूबर तथा 28 से 29 अक्टूबर तक संयुक्त जिला कार्यालय स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित होगा।
प्रशिक्षण का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। जनगणना कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशिक्षण में उपस्थिति अनिवार्य की गई है। प्रशिक्षण राज्य जनगणना कार्यालय द्वारा नियुक्त प्रशिक्षकों के माध्यम से दिया जाएगा, ताकि जनगणना कार्य निर्धारित प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से संपादित किया जा सके।
प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य पूरा
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
अब जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का फील्ड वर्क जनवरी-फरवरी 2027 में किया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पहले से आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी होंगे शामिल
जिला स्तरीय प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला जनगणना लिपिक तथा तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के तहसीलदार चार्ज जनगणना अधिकारी, नायब तहसीलदार अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी, चार्ज जनगणना लिपिक एवं तकनीकी सहायक भी प्रशिक्षण में शामिल होंगे।
नगरीय क्षेत्रों से मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), चार्ज जनगणना लिपिक एवं तकनीकी सहायक प्रशिक्षण में उपस्थित रहेंगे। प्रशिक्षण के दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारी जनगणना कार्य की निर्धारित प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और तकनीकी पहलुओं से अवगत होंगे।
समयबद्ध और व्यवस्थित जनगणना पर जोर
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रशिक्षण जनगणना-2027 के आगामी चरण की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित अमले को उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी, जिससे जिले में जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके।

