गंगा मैया मंदिर में विधायक संगीता सिन्हा ने की पूजा-अर्चना, ₹20 में भोजन सेवा की पहल को सराहा

Darshan Balod
0

 





पशुपतिनाथ शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना, भोजनालय में श्रद्धालुओं को अपने हाथों से परोसा भोजन

बालोद। संजारी बालोद की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने गंगा मैया मंदिर पहुंचकर माता गंगा के दर्शन किए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाई, सेवा गीत का आनंद लिया तथा भगवान पशुपतिनाथ शिव का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मंदिर परिसर में प्रज्ज्वलित ज्योति कलशों के दर्शन भी किए।

मंदिर की भोजन व्यवस्था का लिया जायजा

दर्शन-पूजन के बाद विधायक संगीता सिन्हा मंदिर परिसर स्थित भोजनालय पहुंचीं। यहां उन्होंने भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया और सेवा कार्य में जुटे कार्यकर्ताओं तथा मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने सेवाभाव से श्रद्धालुओं के लिए भोजन उपलब्ध कराने में जुटे लोगों के प्रयासों की सराहना की।

मात्र 20 रुपये में भरपेट भोजन की पहल सराहनीय

गंगा मैया मंदिर ट्रस्ट द्वारा आम श्रद्धालुओं को मात्र 20 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने की पहल की विधायक ने विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की सेवा गतिविधियां श्रद्धालुओं को किफायती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती हैं।

इस अवसर पर विधायक ने स्वयं भोजनालय में उपस्थित होकर श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन परोसा और सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। उनकी इस पहल से भोजनालय में मौजूद लोगों के बीच उत्साह का माहौल रहा।

जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी

इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि आदित्य दुबे, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, महिला अध्यक्ष पद्मिनी नन्नू साहू, रीता सोनी, झलमला की पूर्व सरपंच उमा पटेल, पूर्व उपसरपंच कुंती ठाकुर, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top