पंकज ढाबा में पुलिस की दबिश, देशी शराब, डिस्पोजल गिलास और पानी पाउच जब्त; यातायात नियम तोड़ने पर 15 मामलों में 4,500 रुपये का जुर्माना
गुंडरदेही, बालोद। ढाबों में शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गुंडरदेही पुलिस ने कार्रवाई की है। 18 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पंकज ढाबा में दबिश दी। पुलिस के अनुसार, ढाबा संचालक के कब्जे से लगभग 80 मिलीलीटर देशी शराब, एक डिस्पोजल गिलास और पानी का एक पाउच जब्त किया गया। मामले में संचालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर ढाबे में दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुंडरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि पंकज गुप्ता अपने पंकज ढाबा, गुंडरदेही में लोगों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान पंकज गुप्ता (41), पिता विनोद गुप्ता, निवासी वार्ड क्रमांक 01, बघमरा, थाना गुंडरदेही, जिला बालोद के कब्जे से रोमियो ब्रांड की देशी प्लेन शराब की शीशी में रखी लगभग 80 मिलीलीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 40 रुपये बताई गई है, एक डिस्पोजल गिलास और एक पानी पाउच जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
नो-पार्किंग और यातायात नियम तोड़ने पर 15 चालकों पर कार्रवाई
इसी दिन गुंडरदेही पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, नो-पार्किंग और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 15 प्रकरण दर्ज कर 4,500 रुपये का जुर्माना किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने की अपील की है, ताकि सड़क पर आवागमन बाधित न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
पुलिस टीम का रहा योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, उपनिरीक्षक पी.आर. साहू और आरक्षक पंकज तारम का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



