“मन को धर्म में लगाएं, तभी मोक्ष मार्ग पर बढ़ेंगे कदम”, देवी भागवत कथा में बोले पं. राजेश तिवारी

Darshan Balod
0

 




केवट नवागांव में संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा और जगदंबा यज्ञ का आयोजन, अष्टमी पूजन में तुलसी एवं माता लक्ष्मी की महिमा का किया वर्णन

देवरीबंगला। मनुष्य को मिला समय, धन और सामर्थ्य अमूल्य है। इनका उपयोग बुरे विचारों, भोग-विलास और व्यर्थ के कार्यों में करने के बजाय धर्म, परोपकार और आत्मकल्याण के लिए करना चाहिए। मन को धर्म और भक्ति में लगाने से ही मनुष्य मोक्ष के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है। यह बात साजा के कथावाचक पंडित राजेश तिवारी ने ग्राम केवट नवागांव में आयोजित संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा के दौरान कही।

नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम केवट नवागांव के शीतल प्रांगण में श्रीमद् देवी भागवत कथा एवं जगदंबा यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा के दौरान पंडित तिवारी ने जीवन में सद्भाव, प्रेम, धर्म और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को प्रेरक संदेश दिए।

मतभेद रखें, मनभेद नहीं; प्रेम और सद्भाव से मिलता है सच्चा सुख

पंडित राजेश तिवारी ने कहा कि प्रत्येक जीव सुख चाहता है, दुख कोई नहीं चाहता। सच्चा सुख बाहरी वस्तुओं में नहीं, बल्कि मन की निर्मलता और अपने भीतर है। जीवन में किसी विषय या कार्य को लेकर विचारों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मन में एक-दूसरे के प्रति कटुता नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विचारों की भिन्नता के बावजूद आपसी प्रेम, सद्भावना और एकता बनाए रखना आवश्यक है। निर्मल भाव से किया गया व्यवहार ही सच्चे सुख का आधार है। मनुष्य को अपने समय, धन और सामर्थ्य का सदुपयोग धर्म, सेवा और आत्मकल्याण के कार्यों में करना चाहिए।

प्रेम, दया और भक्ति से प्रसन्न होती हैं माता लक्ष्मी

रविवार को अष्टमी पूजन के अवसर पर कथावाचक ने तुलसी और माता लक्ष्मी की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जीवन में धन की आवश्यकता होती है, लेकिन धन का सदुपयोग और उसे प्राप्त करने के लिए अपनाए जाने वाले मूल्य भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने बताया कि माता लक्ष्मी के अनेक स्वरूप हैं। लक्ष्मी वहीं स्थायी रूप से निवास करती हैं, जहां प्रेम, दया, ज्ञान, सम्मान, दान, तप और भक्ति जैसे गुणों का सम्मान किया जाता है। कथा के दौरान उन्होंने देवी के विभिन्न अवतारों का भी वर्णन किया।

देवी भागवत कथा के साथ हो रहा जगदंबा यज्ञ

ग्राम केवट नवागांव के शीतल प्रांगण में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालु संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा का श्रवण कर रहे हैं। कथा और यज्ञ के माध्यम से धर्म, संस्कार, भक्ति तथा सदाचार का संदेश दिया जा रहा है।

आयोजन में यज्ञ के प्रमुख यजमान भुवन-देवकी निषाद एवं शोभित-किनेश्वरी निषाद हैं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top