23 अक्टूबर को बालोद में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, 24 को लोकार्पण-भूमिपूजन

Darshan Balod
0

 



प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा की, विभागों को संक्षिप्त और तथ्यपरक उपलब्धियों के साथ पीपीटी तैयार करने के निर्देश

बालोद, 21 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं बालोद जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा के प्रस्तावित दो दिवसीय प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वे 23 अक्टूबर को जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे, जबकि 24 अक्टूबर को विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दौरे की तैयारियों को लेकर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विकास कार्यों और योजनाओं की उपलब्धियों पर रहेगा जोर

बैठक में 23 अक्टूबर को होने वाली समीक्षा बैठक और 24 अक्टूबर के मुख्य कार्यक्रम की मिनट-टू-मिनट रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों की प्रगति और जिले की उपलब्धियों पर आधारित प्रेजेंटेशन (पीपीटी) तैयार करने के निर्देश दिए।

विभागों की ओर से पीपीटी तैयार करने में हो रही देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी विभागों को अगले दिन प्रथम पाली में ही प्रेजेंटेशन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीपीटी में अनावश्यक विस्तृत जानकारी देने के बजाय प्रमुख उपलब्धियों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति और महत्वपूर्ण परिणामों को संक्षिप्त एवं तथ्यपरक ढंग से शामिल किया जाए, ताकि समीक्षा बैठक में जरूरी विषयों पर प्रभावी चर्चा हो सके।

बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस

समय-सीमा की बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि महत्वपूर्ण बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति और सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन जरूरी है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करें।

हितग्राहियों को सामग्री वितरण और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। इसके साथ ही शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरित की जाएगी तथा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। जिले की विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

कलेक्टर के निर्देशानुसार संबंधित विभागों को कार्यक्रम की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन समीक्षा बैठक और मुख्य कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी में जुटा है।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में अपर कलेक्टर सुरेन्द्र कुमार वैद्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर नूतन कंवर एवं हरिवंश सिंह मिरी, एसडीएम डौण्डीलोहारा लवकेश कुमार ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top