स्कूलों में अचानक पहुंचे बीईओ राजेश कुमार पिस्दा, बच्चों से पूछे पहाड़े और परखी पढ़ने की क्षमता

Darshan Balod
0

 






हर्रा ठेमा संकुल के चार विद्यालयों का किया निरीक्षण, अर्धवार्षिक परीक्षा में ग्रेड सुधारने के निर्देश; मध्यान्ह भोजन में अधिक मिर्च और अधपके आलू की शिकायत पर सुधार के निर्देश

बालोद। विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता, पठन स्तर और विद्यालयों की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बीईओ राजेश कुमार पिस्दा गुरुवार को संकुल हर्रा ठेमा के अंतर्गत विभिन्न शासकीय विद्यालयों के आकस्मिक निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों से सीधे संवाद किया, पहाड़े पूछे और उनकी पढ़ने की क्षमता परखी। साथ ही शिक्षकों को अर्धवार्षिक परीक्षा में विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर करने और कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मुल्लेगुड़ा स्कूल में प्रार्थना सभा से शुरू हुआ निरीक्षण

निरीक्षण की शुरुआत शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मुल्लेगुड़ा से हुई। बीईओ प्रातःकालीन प्रार्थना में शामिल हुए। उन्होंने प्रधानपाठक को निर्देशित किया कि राज्यगीत संध्याकालीन प्रार्थना में और राष्ट्रगीत प्रातःकालीन प्रार्थना में करवाया जाए। विद्यालय समय-सारणी के अनुसार संचालित पाया गया और साफ-सफाई की स्थिति ठीक-ठाक मिली। बच्चों ने अंग्रेजी में अपना परिचय दिया।

विद्यालय में यू-डाइस प्लस के सभी प्रोफाइल पूर्ण पाए गए। बीईओ ने बच्चों से 25 तक के पहाड़े पूछे और पठन स्तर का आकलन किया। उन्होंने अर्धवार्षिक परीक्षा में विद्यार्थियों के ग्रेड सुधारने के लिए शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए। विद्यालय का संचालन संतोषप्रद पाया गया।

गोडपाल में बच्चों के पठन स्तर और परीक्षा परिणाम की ली जानकारी

इसके बाद बीईओ ने शासकीय प्राथमिक शाला गोडपाल का निरीक्षण किया। यहां बच्चों की पढ़ने की क्षमता जांची गई और पहाड़े पूछे गए। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कक्षा में उत्तर देने और अपनी बात रखने का अवसर देने के निर्देश दिए। साफ-सफाई की स्थिति ठीक-ठाक मिली।

उन्होंने बच्चों से तिमाही आकलन में प्राप्त अंकों की जानकारी ली और विषयों से जुड़े सवाल पूछे। बीईओ ने शिक्षकों से कहा कि जिन विद्यार्थियों को किसी विषय में कठिनाई या संदेह हो, उन्हें सवाल पूछने का पूरा अवसर दिया जाए। साथ ही अर्धवार्षिक परीक्षा में ग्रेड सुधारने पर जोर दिया। विद्यालय का संचालन संतोषप्रद पाया गया।

हर्रा ठेमा स्कूल में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर शिकायत

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला हर्रा ठेमा के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने मध्यान्ह भोजन में अधिक मिर्च होने और आलू अधपके होने की शिकायत की। इस पर बीईओ ने भोजन संचालक और रसोइया को गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बच्चों से तिमाही परीक्षा में प्राप्त अंकों के बारे में पूछा, पहाड़े सुने और पठन स्तर का आकलन किया। विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धि बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। विद्यालय का संचालन संतोषप्रद पाया गया।

मालगांव में रसोई के मसालों की एक्सपायरी डेट जांची

इसके बाद शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मालगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। बीईओ ने मध्यान्ह भोजन के रसोई कक्ष में रखे मसालों की एक्सपायरी डेट जांची, जो सही पाई गई। उन्होंने विद्यार्थियों का पठन स्तर और पहाड़ों का ज्ञान परखा तथा संस्कृत विषय से संबंधित सवाल भी पूछे। बच्चों का प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया।

उन्होंने अर्धवार्षिक आकलन में विद्यार्थियों के ग्रेड सुधारने के लिए शिक्षकों को निर्देशित किया। विद्यालय का संचालन भी संतोषप्रद मिला।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी और शिक्षक रहे उपस्थित

आकस्मिक निरीक्षण के दौरान बालोद बीआरसी श्री जीवनलाल कोटेंद्र, संकुल हर्रा ठेमा के सीएसी श्री गोविंद सिंह नागवंशी तथा संकुल देवार भाट के सीएसी श्री लाल रघुवीर सिंह ठाकुर सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top