चक्रवात के बीच भी नहीं रुकी जिंदगी की नई शुरुआत! पिपरछेड़ी स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे के भीतर चार सुरक्षित प्रसव

Darshan Balod
0

 



प्रतिकूल मौसम में भी स्वास्थ्यकर्मियों ने संभाली जिम्मेदारी, बोरी, बिरेतरा और चारवाही के चार परिवारों में गूंजी किलकारियां

बालोद, 29 अक्टूबर 2026। चक्रवात के प्रभाव से प्रतिकूल मौसम की आशंका के बीच जहां जनजीवन प्रभावित होने की चिंता थी, वहीं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी रहीं। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की तत्परता का उदाहरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरछेड़ी में देखने को मिला। यहां महज 24 घंटे के भीतर चार महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराया गया।

चार परिवारों में आई खुशियां, दो बेटों और दो बेटियों का जन्म

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरछेड़ी में सुरक्षित प्रसव के बाद चार परिवारों में खुशियां आईं। ग्राम बोरी की ममता प्रजापति ने पुत्र को जन्म दिया, वहीं ग्राम बिरेतरा की लिकेश्वरी के घर बेटी ने जन्म लिया। इसी तरह ग्राम चारवाही की संतोषी ने पुत्री और इसी गांव की वंदना साहू ने पुत्र को जन्म दिया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार चारों प्रसव सुरक्षित रूप से संपन्न हुए।

खराब मौसम की आशंका के बीच भी जारी रहीं सेवाएं

चक्रवात के दौरान गर्भवती महिलाओं को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने तत्परता और आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के सामूहिक प्रयास से प्रसव संबंधी सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहीं।

डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्य में डॉ. दुष्यंत सोनबोईर, डॉ. उस्मान खान, सरस्वती साहू, गुमिता साहू, मनीषा साहू, स्टाफ नर्स कविता, सुरेश साहू, गीतांजलि राणा, भारती भंडारी और पूनम चुरेंद्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आपदा के समय भी स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने पर जोर

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच, संस्थागत प्रसव और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पिपरछेड़ी स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे के भीतर चार सुरक्षित प्रसव होना प्रतिकूल परिस्थितियों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता का उदाहरण है।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि आपदा जैसी परिस्थितियों में भी आम नागरिकों को जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर मिलती रहें। पिपरछेड़ी स्वास्थ्य केंद्र की टीम के सामूहिक प्रयासों से चार परिवारों को सुरक्षित प्रसव की खुशियां मिलीं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top