चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: किसानों को फसल बचाने के लिए अलर्ट, कटाई और बुवाई को लेकर जारी हुई खास सलाह

Darshan Balod
0

 



तेज हवाओं, बारिश और बिजली चमकने के दौरान खेतों में काम करने से बचें किसान; कटी फसल सुरक्षित स्थान पर रखने और रबी फसलों की बुवाई मौसम साफ होने पर करने की अपील

बालोद, 29 अक्टूबर 2026। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से आगामी दिनों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने किसानों के लिए कृषि सलाह जारी की है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार किसानों को मौसम के पूर्वानुमान के अनुरूप कृषि कार्य करने और फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

तेज हवा और बिजली के दौरान खेतों में जाने से बचें

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कृषक नगर रायपुर द्वारा जारी सलाह के अनुसार तेज हवाओं, भारी बारिश और बिजली चमकने के दौरान किसानों को खेतों में काम करने से बचना चाहिए। अगले कुछ दिनों तक फसलों की कटाई और अन्य कृषि कार्यों की योजना स्थानीय मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर बनाने की सलाह दी गई है।

कटी फसल को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें

जिन किसानों ने फसलों की कटाई शुरू कर दी है, वे कटी हुई फसल को जल्द से जल्द सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर पहुंचाएं। फसल को ढकने के लिए तिरपाल का उपयोग करते समय ध्यान रखें कि उसमें बारिश का पानी जमा न हो। साथ ही फसल के नीचे नमी न बनने दें। खेतों में अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है।

कीट और बीमारियों पर रखें नजर

किसानों को खेतों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी गई है। फसलों में कीट या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर मौसम साफ होने के बाद आवश्यकतानुसार उचित कीटनाशक और कवकनाशक का छिड़काव करें।

तिवरा और अलसी की बुवाई कुछ दिन टालें

रबी मौसम में तिवरा या अलसी की फसल लेने वाले किसान फिलहाल कुछ दिनों तक बुवाई का कार्य टालें। मौसम साफ होने पर नवंबर के प्रथम सप्ताह से रबी फसलों की बुवाई शुरू करने की सलाह दी गई है। इसके लिए खेतों की पर्याप्त सफाई और सुखाई की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं धान, दलहन और तिलहन की फसलें पककर तैयार हो चुकी हैं, तो उनकी कटाई स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही करें।

फसल नुकसान पर बीमा कंपनी को तत्काल दें सूचना

बारिश या अन्य प्राकृतिक कारणों से फसल को नुकसान होने पर बीमित किसान तत्काल संबंधित बीमा कंपनी अथवा कृषि विभाग को सूचना दें। नुकसान की तस्वीरें और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखें तथा बीमा दावा प्रस्तुत करते समय निर्धारित समय-सीमा का पालन करें।

फसल नुकसान की सूचना देने के लिए किसान फसल बीमा टोल-फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं कृषि संबंधी जानकारी और समसामयिक सलाह के लिए किसान कॉल सेंटर के टोल-फ्री नंबर 1800-180-1551 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन ने किसानों से की सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने, कृषि कार्यों की योजना मौसम के अनुसार बनाने और फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top