वेंटिलेटर, मॉनिटर सहित जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग; गंभीर मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की मजबूरी खत्म करने की रखी बात
बालोद। जिला चिकित्सालय बालोद में विशेषज्ञ चिकित्सकों, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और ICU जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं की कमी का मुद्दा अब स्वास्थ्य मंत्री तक पहुंच गया है। बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल को पत्र लिखकर जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की है। उन्होंने कहा है कि गंभीर मरीजों को पर्याप्त उपचार नहीं मिल पाने के कारण दूसरे बड़े शासकीय और निजी अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
गंभीर मरीजों को रेफर करने की मजबूरी पर जताई चिंता
विधायक संगीता सिन्हा ने पत्र में उल्लेख किया है कि जिला चिकित्सालय बालोद जिले का प्रमुख शासकीय स्वास्थ्य केंद्र है। यहां जिले के विभिन्न विकासखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, आधुनिक उपकरणों और आवश्यक संसाधनों के अभाव के साथ समुचित ICU सुविधा उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से दुर्घटना, हृदय संबंधी बीमारी, सांस लेने में तकलीफ, गंभीर संक्रमण और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर समुचित उपचार नहीं मिल पाने की स्थिति पर चिंता जताई। विधायक ने कहा कि निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराना आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवारों के लिए मुश्किल होता है।
ICU स्थापना और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग
स्वास्थ्य मंत्री को लिखे पत्र में विधायक ने जिला अस्पताल में ICU की स्थापना कर उसे शीघ्र शुरू करने की मांग की है। इसके साथ ही मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, अस्थि रोग, शिशु रोग, एनेस्थीसिया और हृदय रोग सहित जरूरी विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति करने का आग्रह किया है।
वेंटिलेटर और जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर
विधायक ने गंभीर मरीजों के उपचार के लिए वेंटिलेटर, मॉनिटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम, डिफिब्रिलेटर सहित अन्य आधुनिक जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके अलावा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, ऑपरेशन थिएटर, पैथोलॉजी और जरूरी जांच सुविधाओं को भी मजबूत करने की बात कही है।
जिला अस्पताल को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग
संगीता सिन्हा ने पत्र में कहा है कि गंभीर मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की मजबूरी कम करने के लिए जिला चिकित्सालय को पर्याप्त बजट और संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से अस्पताल की वर्तमान स्थिति का संज्ञान लेकर सभी मांगों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि बालोद जिले के लोगों को जिला मुख्यालय में ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

