डमी ग्राहक भेजकर पकड़ी अवैध शराब की बिक्री! गुण्डरदेही पुलिस ने मकान में मारा छापा, 30 पौवा शराब जब्त

Darshan Balod
0

 



पहले ग्राहक बनकर की खरीदारी, फिर गवाहों के सामने हुई तलाशी; सिकौसा के 52 वर्षीय परमांनद डहरे गिरफ्तार, शराब और नगदी सहित सामग्री जब्त

बालोद। घर को ही अवैध शराब बिक्री का ठिकाना बना रखा था! मुखबिर से सूचना मिलने के बाद गुण्डरदेही पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की, जिसमें पहले डमी ग्राहक को शराब खरीदने भेजा गया। बिक्री की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने ग्राम सिकौसा स्थित आरोपी के मकान पर दबिश दी। तलाशी में 30 पौवा शोले देशी प्लेन शराब और बिक्री की नगदी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी परमांनद डहरे (52 वर्ष) को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पहले ग्राहक बनकर पहुंचा, फिर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर ने सूचना दी थी कि ग्राम सिकौसा निवासी एक व्यक्ति अपने मकान में देशी शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से डमी ग्राहक तैयार किया। उसे पहचान के लिए पीएस अंकित 100 रुपये का नोट देकर शराब खरीदने भेजा गया।

डमी ग्राहक द्वारा शराब खरीदकर लौटने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के मकान की तलाशी ली। इस दौरान एक नीले-आसमानी रंग के थैले में रखे 30 पौवा शोले देशी प्लेन शराब बरामद हुई।

5.400 बल्क लीटर शराब और नगदी जब्त

पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कुल मात्रा 5.400 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 2,400 रुपये है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद और डमी ग्राहक को दिया गया पहचानयुक्त 100 रुपये का नोट भी जब्त किया गया।

52 वर्षीय परमांनद डहरे गिरफ्तार

मामले में परमांनद डहरे, पिता स्वर्गीय मायाराम डहरे, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम सिकौसा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद के विरुद्ध अपराध क्रमांक 373/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

एसपी के निर्देशन में पुलिस टीम की कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और एसडीओपी गुण्डरदेही श्रुति सिंह के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि शंकर पांडेय, पीएसआई धनेश्वर कंवर, आरक्षक पंकज तारम, यशवंत देशमुख और महिला आरक्षक कमलेश्वरी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन जैसी गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top