15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी; शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जारी किया गया नंबर 07749-223956
बालोद, 30 अक्टूबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए विशेष कॉल सेंटर स्थापित किया है। धान उपार्जन के दौरान किसानों को होने वाली समस्याओं, पूछताछ और शिकायतों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आगामी 15 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है।
शिकायत और जानकारी के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार धान खरीदी से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, जानकारी या शिकायत दर्ज कराने के लिए किसान कॉल सेंटर के दूरभाष नंबर 07749-223956 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित धान उपार्जन केंद्रों और अधिकारियों के माध्यम से समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
शिकायतों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
कॉल सेंटर में शिकायतें दर्ज करने और उनके निराकरण की निगरानी के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सहायक खाद्य अधिकारी श्रीमती श्रद्धा दिल्लीवार (मोबाइल नंबर 9758862209) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उनके सहयोग के लिए चौकीदार योगेन्द्र कुमार सिन्हा (मोबाइल नंबर 7828628898) और भृत्य चंद्रप्रकाश निराला (मोबाइल नंबर 810906724) की भी ड्यूटी लगाई गई है।
पारदर्शी धान खरीदी के लिए प्रशासन की तैयारी
जिला प्रशासन का उद्देश्य धान उपार्जन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और निर्बाध रूप से संपन्न कराना है। कॉल सेंटर के माध्यम से किसानों की समस्याओं पर नजर रखी जाएगी, ताकि खरीदी के दौरान उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

