बालोद जिले में खनिज विभाग ने पकड़ा वाहन CG 24 S 9599; वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 99 प्रकरणों से 30.20 लाख रुपये से अधिक का अर्थदंड वसूल
बालोद, 30 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध उत्खनन, खनिज परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में चिल्हाटीकला और बैहाकुंआ क्षेत्र में मुरूम के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की शिकायतों पर जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से मुरूम का परिवहन करते एक हाइवा वाहन को पकड़कर जब्त किया गया है।
मुरूम परिवहन करते पकड़ा गया हाइवा
खनिज विभाग के अनुसार जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 24 S 9599 को मुरूम का अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। विभागीय अमले ने हाइवा को जब्त कर थाना डौंडीलोहारा में सुरक्षित खड़ा कराया है। वाहन के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(5) एवं 23(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
99 मामलों में 30.20 लाख रुपये से अधिक की वसूली
खनिज विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर 2026 तक अवैध खनिज परिवहन के 76 प्रकरणों में 18 लाख 60 हजार 592 रुपये और अवैध उत्खनन के 23 प्रकरणों में 11 लाख 60 हजार 257 रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया है।
इस तरह कुल 99 प्रकरणों में 30 लाख 20 हजार 849 रुपये का अर्थदंड वसूल कर खनिज मद में जमा कराया गया है।
अवैध खनन पर निगरानी, आगे भी कार्रवाई जारी
जिला प्रशासन और खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन पर रोक लगाने तथा शासन के राजस्व की सुरक्षा के लिए निगरानी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

