कक्षा 9वीं और 10वीं की पढ़ाई के साथ पेयजल, शौचालय, प्रयोगशाला और स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा; शिक्षकों को दिए आवश्यक सुधार के निर्देश
बालोद। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) श्री राजेश पिस्दा ने हाई स्कूल घुमका और कोहंगाटोला का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं स्कूलों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 9वीं और 10वीं की पढ़ाई और व्यवस्थाओं पर ध्यान केंद्रित किया।
कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
बीईओ राजेश पिस्दा ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषयों की पठन-पाठन स्थिति परखी तथा पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछकर विद्यार्थियों की समझ का आकलन किया। विद्यार्थियों के जवाबों पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। साथ ही कुछ विषयों में और बेहतर सुधार के लिए संबंधित शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए।
बुनियादी सुविधाओं की भी जांच
शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ही बीईओ ने स्कूल परिसर में पेयजल, शौचालय, प्रयोगशाला (लैब) और स्वच्छता की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और उनके रखरखाव की स्थिति देखी।
पढ़ाई की गुणवत्ता पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान बीईओ ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की विषयवार समझ मजबूत करने और नियमित रूप से पढ़ाई की प्रगति पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ विद्यालयों में बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं बनाए रखने पर भी जोर दिया।



