पूर्व रंजिश में दीपांशु साहू की हत्या के मामले में अर्जुनी पुलिस की लगातार कार्रवाई; चाकू, डंडा और वारदात में प्रयुक्त कपड़े जब्त
धमतरी, 23 अक्टूबर 2026। ग्राम मुजगहन में पूर्व रंजिश को लेकर हुए दीपांशु साहू हत्याकांड में धमतरी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शुक्रवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस तरह प्रकरण में अब तक कुल सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अर्जुनी पुलिस द्वारा मामले में लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से वारदात में प्रयुक्त स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।
पूर्व रंजिश को लेकर हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ऐकेश्वर साहू, निवासी ग्राम मुजगहन की रिपोर्ट पर मामले की जांच शुरू की गई। रिपोर्ट के मुताबिक 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच पूर्व रंजिश को लेकर रत्नाबांधा एवं पंचवटी कॉलोनी के कुछ युवकों ने सुदामा साहू के घर के सामने मुख्य मार्ग पर दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ मारपीट की।
आरोप है कि हमले के दौरान डंडे और धारदार चाकू का इस्तेमाल किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल दीपांशु साहू को जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विकास साहू का उपचार जारी है।
23 अक्टूबर को पकड़े गए तीन आरोपी
पुलिस ने 23 अक्टूबर को निम्न तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया—
शंकर नागरची (19 वर्ष), पिता पुनीत नागरची, निवासी ग्राम रत्नाबांधा, धमतरी।
तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू (19 वर्ष), पिता दिनेश नागरची, निवासी रत्नाबांधा, गौराचौरा के पास, धमतरी।
धनेश्वर नागरची (22 वर्ष), पिता पुनीत नागरची, निवासी ग्राम रत्नाबांधा, धमतरी।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से घटना में प्रयुक्त 01 स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा सहित वारदात में प्रयुक्त कपड़े विधिवत जब्त किए गए हैं।
एक दिन पहले चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने 22 अक्टूबर 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), रितेश नेताम (22 वर्ष), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष) और नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी रत्नाबांधा क्षेत्र के निवासी हैं।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर भी घटना में प्रयुक्त चाकू, डंडे सहित अन्य सामान जब्त किए जा चुके हैं।
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है। धमतरी पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

