बालोद में नशीली गोलियों के अंतरराज्यीय कारोबार का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; ₹7.15 लाख की सामग्री जब्त

Darshan Balod
0

 




रामघाट मंदिर के पास तांदुला नदी किनारे पुलिस और ANTF की संयुक्त दबिश, भुवनेश्वर से नशीली गोलियां लाने की बात आई सामने; 1,500 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद

बालोद। जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बालोद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवा Nitrosun-10 (Nitrazepam) की 1,500 टैबलेट, नकदी, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 7 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी बालोद विनय साहू के मार्गदर्शन में जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 27 अक्टूबर 2026 को थाना बालोद में पदस्थ निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा को मुखबिर से सूचना मिली कि तांदुला नदी किनारे रामघाट मंदिर के पास कुछ व्यक्ति दोपहिया वाहनों में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां रखकर बिक्री करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद थाना बालोद और ANTF की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नवीन चावला, आशीष निर्मलकर और किशन बहादुर उर्फ नेपाली को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नशीली गोलियां भुवनेश्वर, ओडिशा से लाने की बात सामने आई है। मामले में आरोपियों की भूमिका और जब्त सामग्री को लेकर विवेचना की जा रही है।

1,500 टैबलेट सहित दोपहिया वाहन और नकदी जब्त

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) की कुल 1,500 टैबलेट बरामद हुईं, जिनका वजन लगभग 870 ग्राम और अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 15 हजार रुपये नकद, लगभग 30 हजार रुपये कीमत की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (क्रमांक CG05AU3540) और लगभग 50 हजार रुपये कीमत की एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG24W3471) जब्त की गई है। मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनका विवरण एफआईआर में दर्ज है। पुलिस ने कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 7 लाख 15 हजार रुपये बताई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 0574/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 22(ग) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक धरम भूआर्य (प्रभारी, साइबर सेल), आरक्षक बनवाली साहू, संजय सोनी, चुलेंद्र कुर्रे, विपिन गुप्ता, भोप सिंग साहू, राहुल, पूरन, मिथलेश, योगेश तथा ANTF टीम की भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करें।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top