जन्मदिन पर चंचल को मिला अनोखा उपहार, कुल्हड़ में पौधा देकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Darshan Balod
0

 




पाररास स्कूल में युग चेतना कौशल उन्नयन संस्था की पहल, विद्यार्थियों को जन्मदिन पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए किया प्रेरित

बालोद। जन्मदिन पर उपहार के रूप में पौधा मिले और उसके साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी, तो यह दिन यादगार बन जाता है। कुछ ऐसी ही पहल शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पाररास, बालोद में देखने को मिली। विद्यालय की कक्षा छठवीं में अध्ययनरत छात्रा कुमारी चंचल के जन्मदिन पर युग चेतना कौशल उन्नयन संस्था, बालोद की ओर से उन्हें उपहार स्वरूप पौधा भेंट किया गया। विद्यालय के प्रार्थना स्थल पर आयोजित इस पहल के माध्यम से छात्रा के साथ अन्य विद्यार्थियों को भी पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

संस्था द्वारा पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। संस्था का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ प्रकृति से जोड़ना और उनमें पेड़-पौधों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया।

प्रार्थना स्थल पर पौधा भेंट करने का खास उद्देश्य

संस्था के अध्यक्ष राजेश सोनी ने बताया कि विद्यालय के प्रार्थना स्थल पर पौधा भेंट करने से दूसरे विद्यार्थियों को भी इस पहल से सीख मिलती है। कतारबद्ध खड़े बच्चे जब जन्मदिन पर पौधा उपहार में देने की परंपरा देखते हैं, तो उनके मन में भी अपने जन्मदिन पर पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की प्रेरणा पैदा होती है। इस तरह शिक्षा के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी बच्चों तक पहुंचता है।

प्लास्टिक नहीं, मिट्टी के कुल्हड़ में दिया पौधा

संस्था की सदस्य पूजा सोनी ने बताया कि आजकल पौधों के लिए प्लास्टिक की थैलियों और प्लास्टिक के गमलों का व्यापक उपयोग किया जाता है। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए छात्रा को मिट्टी से बने कुल्हड़ में पौधा भेंट किया गया। इसका उद्देश्य पर्यावरण के अनुकूल विकल्प को प्रोत्साहित करना है। पौधे को दूसरी जगह स्थानांतरित करते समय कुल्हड़ भी मिट्टी में मिल सकता है, जिससे प्लास्टिक कचरे की समस्या से बचने में मदद मिलती है।

जन्मदिन को बनाएं हरियाली की यादगार पहल

संस्था के सदस्य रूपेश सोनकर ने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी लें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण और देश को हरा-भरा बनाने की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

प्रधान पाठिका ने की पहल की सराहना

विद्यालय की प्रधान पाठिका भारती देवी देशमुख सहित शाला परिवार ने युग चेतना कौशल उन्नयन संस्था की इस पहल की सराहना की। संस्था के सदस्य पूजा सोनी और रूपेश सोनकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के प्रयास कर रहे हैं। विद्यालय में आयोजित यह गतिविधि बच्चों को प्रकृति से जोड़ने और जन्मदिन को सकारात्मक सामाजिक संदेश के साथ मनाने की प्रेरक पहल बनी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top