बालोद में 30 अक्टूबर को सजेगा युवाओं की प्रतिभा का मंच, 600 से अधिक लोगों के जुटने की संभावना

Darshan Balod
0

 



जिला स्तरीय युवा उत्सव में कला और संस्कृति का दिखेगा संगम, 15 से 29 वर्ष के युवा कर सकेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन

बालोद। जिले के युवा अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए तैयार हो जाएं। जिला प्रशासन बालोद एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 30 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में 600 से अधिक प्रतिभागियों और अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।

कलेक्टर के निर्देश पर तैयारियां तेज

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार युवा उत्सव के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए तैयारियां की जा रही हैं। उत्सव का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना तथा कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति रुचि बढ़ाना है।

15 से 29 वर्ष के युवाओं को मिलेगा मौका

जिला स्तरीय युवा उत्सव में बालोद जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। वहीं, 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के संगतकारों को भी शामिल होने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में युवा कलाकारों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता संभावित है। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों के आतिथ्य में किया जाएगा।

प्रतिभा निखारने के साथ बढ़ेगा आत्मविश्वास

युवा उत्सव युवाओं को अपनी कला और रचनात्मक क्षमता सामने लाने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। जिला प्रशासन ने युवाओं से उत्साहपूर्वक आयोजन में भाग लेने की अपील की है।

कार्यक्रम के संबंध में अधिक जानकारी और मार्गदर्शन के लिए संयुक्त जिला कार्यालय, बालोद के कक्ष क्रमांक 67 में स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top