सेवा संकल्प अभियान से तीन दिव्यांगजनों के जीवन में लौटी उम्मीद, छात्र मयंक फिर स्कूल जाने को तैयार; निर्मला साहू को मिला आत्मनिर्भरता का सहारा
बालोद, 16 अक्टूबर 2026। कभी बैसाखी के सहारे जिंदगी गुजारने की मजबूरी, कभी सड़क हादसे के बाद पढ़ाई छूटने का दर्द और कभी गंभीर बीमारी के कारण दूसरों पर निर्भर रहने की बेबसी... इन मुश्किलों के बीच जब मदद का हाथ मिला तो तीन दिव्यांगजनों की जिंदगी में उम्मीद की नई रोशनी दिखाई दी। किसी ने करीब 30 साल बाद अपने पैरों पर खड़े होकर कदम बढ़ाए, तो किसी के लिए दोबारा स्कूल जाने का सपना साकार होने की राह खुली। यह कहानी सिर्फ कृत्रिम पैर मिलने की नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता लौटने की है।
केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है, ताकि वे अपनी शारीरिक कठिनाइयों को पीछे छोड़कर सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
इसी कड़ी में संयुक्त जिला कार्यालय में जिले के तीन दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर प्रदान किए गए। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख एवं श्री अभिषेक शुक्ला ने दिव्यांगजनों से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने उनकी परिस्थितियों और अनुभवों को जाना तथा कृत्रिम पैर मिलने के बाद जीवन में आए बदलावों के बारे में जानकारी ली। अतिथियों ने शॉल भेंटकर उनके सुखद, स्वस्थ और आत्मनिर्भर भविष्य की कामना की।
30 साल बाद जागेश्वर ने अपने पैरों पर बढ़ाए कदम
डौंडी विकासखंड के ग्राम धुर्वाटोला निवासी जागेश्वर के जीवन में करीब तीन दशक से बैसाखी ही सहारा थी। लगभग 30 वर्ष पहले जहरीले सांप के काटने के बाद पैर में संक्रमण फैल गया था। गंभीर स्थिति के चलते चिकित्सकों को उनका एक पैर काटना पड़ा। इसके बाद सामान्य रूप से चलना उनके लिए सपना बन गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत कृत्रिम पैर मिलने के बाद अब उनके जीवन में बदलाव की शुरुआत हुई है। कृत्रिम पैर लगाने के बाद चलने का अभ्यास करते हुए जब जागेश्वर ने अपने कदम आगे बढ़ाए, तो वर्षों की परेशानी के बीच उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
उनके लिए यह कृत्रिम पैर महज एक साधन नहीं, बल्कि तीन दशक बाद अपने पैरों पर खड़े होने और दूसरों पर निर्भरता कम करने की नई उम्मीद है।
हादसे ने रोका था रास्ता, अब मयंक फिर स्कूल जाएगा
ग्राम पलारी निवासी कक्षा नवमीं के छात्र मयंक साहू की जिंदगी कुछ माह पहले हुए सड़क हादसे के बाद बदल गई थी। गंभीर दुर्घटना में उसका एक पैर कट गया, जिसके कारण स्कूल जाना और नियमित पढ़ाई करना मुश्किल हो गया।
जिस उम्र में बच्चे दोस्तों के साथ स्कूल जाकर भविष्य के सपने देखते हैं, उस उम्र में मयंक को घर पर रहने की मजबूरी का सामना करना पड़ा। पढ़ाई छूटने की चिंता भी उसके सामने थी। लेकिन अब कृत्रिम पैर मिलने के बाद उसके मन में फिर से स्कूल जाने और पढ़ाई जारी रखने की उम्मीद जगी है।
मयंक के लिए कृत्रिम पैर ने केवल चलने की राह आसान नहीं की, बल्कि उसके शिक्षा और भविष्य के सपनों को भी फिर से आगे बढ़ने का अवसर दिया है। अब वह अपनी पढ़ाई पूरी कर माता-पिता के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है।
बीमारी ने छीना पैर, कृत्रिम पैर ने लौटाया आत्मविश्वास
ग्राम पिनकापार निवासी श्रीमती निर्मला साहू भी इस पहल से लाभान्वित हुई हैं। पैरों में गंभीर बीमारी और संक्रमण बढ़ने के कारण उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा था। इसके बाद चलने-फिरने और रोजमर्रा के काम करने में उन्हें काफी परेशानी होती थी।
कृत्रिम पैर मिलने और चलने का अभ्यास शुरू होने के बाद निर्मला साहू के जीवन में भी आत्मनिर्भरता की नई उम्मीद जगी है। अब वे अपने दैनिक घरेलू कार्यों को अधिक सहजता से करने और अपने पैरों पर खड़े होकर सामान्य जीवन की ओर लौटने की कोशिश कर रही हैं।
कृत्रिम पैर के साथ लौटा स्वाभिमान
सेवा संकल्प अभियान के तहत कृत्रिम पैर प्राप्त करने वाले तीनों दिव्यांगजनों ने शासन की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके लिए यह सहायता केवल कृत्रिम अंग नहीं, बल्कि अपने काम स्वयं करने, परिवार का सहारा बनने और सम्मान के साथ जीवन जीने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इन तीनों की कहानी यह बताती है कि जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंची सहायता उसके जीवन की दिशा बदल सकती है। जागेश्वर के लिए 30 साल बाद अपने पैरों पर चलने की उम्मीद, मयंक के लिए फिर से स्कूल जाने का सपना और निर्मला साहू के लिए अपने दैनिक कार्य स्वयं करने का विश्वास—सेवा और संवेदना की इसी ताकत को सामने लाता है।
दिव्यांगजनों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस पहल से उन्हें आगे बढ़ने का नया हौसला मिला है। उनके लिए यह सहायता नई उम्मीद, आत्मविश्वास और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अवसर बनकर सामने आई है।


