कृषि विभाग और बीमा कंपनी की संयुक्त टीम खेतों में कर रही सर्वे, सूचना मिलने के 10 दिनों के भीतर सर्वे पूरा कर दावा राशि के भुगतान के निर्देश
बालोद, 31 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव और बेमौसम बारिश से जिले में फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए कृषि विभाग एवं फसल बीमा कंपनी की संयुक्त टीम ने शनिवार से सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। जिले की सभी तहसीलों में प्रभावित खेतों का सर्वे किया जा रहा है। प्रारंभिक चरण में अब तक 180 किसानों के खेतों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। वहीं, जिले के 3622 किसानों ने फसल बीमा के टोल-फ्री नंबर 14447 पर फसल क्षति की सूचना दर्ज कराई है।
बीमित किसानों को नियमानुसार मिलेगी क्षतिपूर्ति
कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण फसल क्षति की सूचना मिलने के बाद कृषि विभाग और संबंधित बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम द्वारा सर्वे किया जा रहा है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित बीमित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि फसल कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए फैलाकर रखी गई अथवा छोटे बंडलों में बांधकर रखी गई अधिसूचित फसलों को ओलावृष्टि, चक्रवात, चक्रवाती वर्षा और बेमौसम बारिश जैसी प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान होने पर पात्र बीमित किसानों को संबंधित बीमा कंपनी द्वारा नियमानुसार क्षतिपूर्ति दावा राशि प्रदान की जाएगी।
शासन स्तर से बीमा कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि सूचना प्राप्त होने के 10 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से सर्वे कार्य पूरा कर दावा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इससे प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सकेगी।
समितियों में तिवड़ा और सरसों के उन्नत बीज उपलब्ध
रबी मौसम वर्ष 2026-27 के अंतर्गत किसानों को उतेरा फसलों की खेती के लिए उन्नत बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड, झलमला द्वारा जिले की सेवा सहकारी समितियों में उतेरा फसलों के उन्नत बीजों का भंडारण प्रारंभ कर दिया गया है।
अब तक जिले की समितियों में 80 क्विंटल तिवड़ा और 78 क्विंटल सरसों बीज का भंडारण कराया जा चुका है। उप संचालक कृषि ने किसानों से अपने संबंधित सेवा सहकारी समितियों से संपर्क कर उतेरा फसलों के उन्नत बीज खरीदने की अपील की है, ताकि किसान रबी मौसम में समय पर फसलों की बोआई कर सकें।


