अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) बालोद का फैसला, कुल 15 हजार रुपये का अर्थदंड; पीड़िता को क्षतिपूर्ति देने के भी निर्देश
बालोद। इलाज कराने पहुंची महिला के साथ चिकित्सकीय जांच के दौरान छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने के मामले में बालोद न्यायालय ने आरोपी चिकित्सक को दो वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) बालोद ताजुद्दीन आसिफ की अदालत ने 31 अक्टूबर 2026 को फैसला सुनाते हुए आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की दो अलग-अलग धाराओं के तहत दोषी ठहराया। न्यायालय ने पीड़िता को क्षतिपूर्ति प्रदान करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भी आवश्यक निर्देश दिए हैं।
दो धाराओं में सुनाई गई सजा
प्रकरण में आरोपी हेमशंकर साहू (32 वर्ष), पिता नरोत्तम साहू, निवासी ग्राम भरदाकला, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद को भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 74 के तहत दो वर्ष का सश्रम कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 75 के तहत एक वर्ष का सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया है। इस प्रकार दोनों धाराओं में कुल 15 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
चिकित्सकीय जांच के बहाने छेड़छाड़ का आरोप
अभियोजन के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को पीड़िता ने थाना बालोद में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह साइटिका बीमारी का इलाज कराने आरोपी के पास पहुंची थी। दोपहर करीब 2 बजे आरोपी ने उसे जांच के लिए अपने चेंबर में बुलाया। इस दौरान पीड़िता के साथ आए हरीश तिवारी को बाहर जाने के लिए कहा गया।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, इसके बाद चिकित्सकीय जांच के बहाने आरोपी ने उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं। आरोपी ने उसे दूसरे कमरे में चलने के लिए कहा। जब पीड़िता ने अपने साथ आए व्यक्ति को बुलाने की बात कही, तो आरोपी ने मना कर दिया और उसके साथ जबरदस्ती करते हुए अश्लील हरकत की।
पीड़िता ने विरोध करते हुए दरवाजा खोलने का प्रयास किया और मदद के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर बाहर मौजूद हरीश तिवारी और चालक पुष्पक पटेल वहां पहुंचे तथा आरोपी से दरवाजा खोलने के लिए कहा।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
पीड़िता की शिकायत पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 एवं 75(2) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना पूरी होने के बाद 27 अगस्त 2026 को न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया।
मामले की सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
पीड़िता को क्षतिपूर्ति देने के निर्देश
न्यायालय ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के सचिव को निर्देशित किया है कि समुचित जांच के बाद निर्णय प्राप्ति की तारीख से दो माह के भीतर पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना, 2018 के अंतर्गत पीड़िता को पर्याप्त प्रतिकर प्रदान किया जाए।
चिकित्सकीय पेशे की गरिमा और विश्वास पर न्यायालय की टिप्पणी
न्यायालय ने अपने निर्णय में चिकित्सकीय पेशे की गरिमा, जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों को रेखांकित किया। न्यायालय के अनुसार, चिकित्सक का पेशा विश्वास, सेवा, संवेदना और नैतिकता का प्रतीक है। उपचार के लिए चिकित्सक के पास पहुंचने वाली महिला उसके ज्ञान और व्यावसायिक निष्ठा पर भरोसा करती है।
न्यायालय ने कहा कि इस विश्वास का दुरुपयोग महिला की गरिमा और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का उल्लंघन करने के साथ ही चिकित्सकीय पेशे के प्रति समाज की आस्था को भी आघात पहुंचाता है। सामाजिक प्रतिष्ठा किसी व्यक्ति को दंड से बचने का कवच नहीं हो सकती।
अभियोजन पक्ष ने की पैरवी
प्रकरण में अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक सनद कुमार श्रीवास्तव ने पैरवी की। मामले की संपूर्ण विवेचना प्रधान आरक्षक क्रमांक 131 नर्मदा कोठारी द्वारा की गई।
