श्रीफल, प्रतीक चिन्ह और गुलाल से हुआ सम्मान; ‘मीत’ ने बुजुर्गों के आदर्शों को संजोने और युवा पीढ़ी को उनसे सीख लेने का दिया संदेश
रेंगाडबरी। दशहरा उत्सव के अवसर पर ग्राम रेंगाडबरी में 21 अक्टूबर 2026, बुधवार की रात 9 बजे छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गीतकार, लोक गायक, संगीतकार एवं फिल्म गीतकार-संगीतकार विष्णु कोठारी ‘मीत’, निवासी फिरतुटोला (नंगुटोला), जिला बालोद का सम्मान किया गया। आयोजन समिति एवं युवा साथियों ने श्रीफल, प्रतीक चिन्ह और गुलाल से उनका सम्मान कर उनकी कला यात्रा और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के क्षेत्र में योगदान को सराहा।
सम्मान से अभिभूत ‘मीत’ ने आयोजन समिति और ग्रामीणों का जताया आभार
सम्मान के बाद विष्णु कोठारी ‘मीत’ ने आयोजन समिति रेंगाडबरी सहित युवा साथियों, बुजुर्गों, माताओं और बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को बुजुर्गों द्वारा बताए गए मार्ग पर चलते हुए उनके मान-सम्मान और आदर्शों को हमेशा बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित श्री छगन आर्य, श्री बिसेशर, थानसिंग रावटे, प्रकाश देशमुख, निरंजन पटोटी, श्री रुपेश साहू, सरपंच, पटेल, इष्ट मित्रों, जनप्रतिनिधियों, रेवाशंकर सोनी, जिला कार्यकारिणी सदस्य भाजपा बालोद तथा रूपेश कुमार सिन्हा सहित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
चार दशक पुरानी यादों में लौटे ‘मीत’, गुरु स्व. रामसाय आर्य को किया याद
विष्णु कोठारी ‘मीत’ ने अपनी कला यात्रा से जुड़ी करीब 40 वर्षों पुरानी यादों को भी साझा किया। उन्होंने दशहरा आयोजन में अपने गुरु स्व. श्री रामसाय आर्य जी के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि रेंगाडबरी के लोगों का सहयोग उनके कला सफर में हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। गांव से मिले प्रेम, प्रोत्साहन और सहयोग ने उन्हें अपनी कला यात्रा को आगे बढ़ाने में संबल दिया, जिसे वे आज भी स्मरण करते हैं।
मां सरस्वती की पूजा से शुरू हुआ कार्यक्रम, बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
दशहरा कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का चंदन एवं गुलाल से सम्मान किया गया। दशहरा उत्सव के कारण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।
विशाल जनसमूह की मौजूदगी में हुए सम्मान समारोह ने दशहरा उत्सव की खुशी को और बढ़ा दिया। आयोजन के माध्यम से जहां लोक एवं छत्तीसगढ़ी कला से जुड़े कलाकार का सम्मान हुआ, वहीं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, बुजुर्गों के अनुभव और पारंपरिक मूल्यों से जुड़े रहने का संदेश भी मिला।


