सेवा गीतों और मां के जयकारों के बीच निकला विसर्जन जुलूस, सोमानायक तालाब में दी मां दुर्गा को विदाई

Darshan Balod
0

 




रेंगाडबरी में गाजे-बाजे के साथ निकली विसर्जन यात्रा, नम आंखों से भक्तों ने मांगी अगले साल फिर आने की कामना

डौंडी लोहारा। ग्राम रेंगाडबरी में बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में किया गया। गाजे-बाजे, सेवा गीतों और माता के जयकारों के बीच निकले विसर्जन जुलूस में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पूरे गांव में सुबह से ही उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।

पूजा-अर्चना के बाद गांव की गलियों से निकली विसर्जन यात्रा

दुर्गा समिति और ग्रामीणों ने पंडाल से मां दुर्गा की प्रतिमा बाहर निकालकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद सेवा गीत गाते हुए गाजे-बाजे के साथ विसर्जन जुलूस निकाला गया। गांव की गलियों और चौक-चौराहों से गुजरती यात्रा में श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्तों ने नाचते-गाते मां को विदाई दी।

सोमानायक तालाब में हुआ प्रतिमा विसर्जन

गांव भ्रमण के बाद विसर्जन जुलूस सोमानायक तालाब पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान महिलाएं, पुरुष, बच्चे और युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई देते हुए अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना की।

शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ आयोजन

विसर्जन जुलूस के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्गा समिति के स्वयंसेवक एवं पुलिस प्रशासन मौजूद रहे। ग्रामीणों की सहभागिता और सहयोग से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

रिपोर्ट: नेमन साहू, रेंगाडबरी

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top