वनांचल के गांव में ग्रामीणों की अनूठी पहल बनी आकर्षण का केंद्र, आंगा देव की शोभायात्रा और ढोल-नगाड़ों के बीच मना दशहरा उत्सव
डौंडी लोहारा। वनांचल के ग्राम रेंगाडबरी में इस वर्ष दशहरा पर्व को ग्रामीणों ने विशेष उत्साह और भव्यता के साथ मनाया। हाथी को सजाकर गांव में भ्रमण कराने, आंगा देव की शोभायात्रा निकालने, रामलीला मंचन और रावण दहन जैसे आयोजनों ने पर्व को यादगार बना दिया। ग्रामीणों के अनुसार, इस बार की अनूठी पहल के कारण दशहरा उत्सव पहले की अपेक्षा अधिक आकर्षक रहा। कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी हजारों की संख्या में लोग पहुंचे, जिससे पूरे गांव में मेले जैसा माहौल बना रहा।
सजे हुए हाथी के पीछे नाचते-गाते निकले ग्रामीण
दशहरा पर्व पर ग्रामीणों की पहल से हाथी को आकर्षक ढंग से सजाया गया और उसे गांव के चौक-चौराहों, गली-मोहल्लों में घुमाया गया। सजे हुए हाथी को देखने के लिए बच्चों और ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया। हाथी के पीछे-पीछे ग्रामीण ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते और आतिशबाजी करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान उत्सव का उल्लास देखते ही बना।
आंगा देव की शोभायात्रा ने बढ़ाई उत्सव की रौनक
दशहरा आयोजन के दौरान आंगा देव भगवान की शोभायात्रा भी निकाली गई। पारंपरिक आस्था और उत्साह के साथ निकली इस यात्रा ने गांव की रौनक बढ़ाई। शोभायात्रा में ग्रामीणों की सहभागिता ने पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को और खास बना दिया।
रामलीला के मंचन के बाद हुआ रावण दहन
शोभायात्रा के बाद रामलीला का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का मंचन हुआ। रामलीला के पश्चात भगवान श्रीराम के प्रतीकात्मक रूप में रावण दहन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने की आयोजकों की पहल की सराहना
इस वर्ष दशहरा पर्व पर किए गए विशेष आयोजनों को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने हाथी भ्रमण, आंगा देव की शोभायात्रा, रामलीला और रावण दहन को पर्व का विशेष आकर्षण बताया। आयोजन समिति और दुर्गा समिति की पहल की ग्रामीणों ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगचुवा थाना का पुलिस बल भी मौजूद रहा। ग्रामीणों की सहभागिता और पुलिस की मौजूदगी के बीच दशहरा उत्सव संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: नेमन साहू, रेंगाडबरी


