गन्ना खरीदी दर 425 रुपये प्रति क्विंटल करना किसानों की खुशहाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : डॉ. देवेंद्र माहला

Darshan Balod
0

 


पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर से होगा, निर्णय का किया स्वागत

बालोद। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शक्कर कारखानों में गन्ना खरीदी की दर बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने के निर्णय का अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज के केंद्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री डॉ. देवेंद्र माहला ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे गन्ना उत्पादक किसानों की आर्थिक खुशहाली, उनकी आय को मजबूत बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

डॉ. माहला ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के परिश्रम का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और कृषि को लाभकारी बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। गन्ना खरीदी दर में वृद्धि से उत्पादक किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा उनके परिवारों की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान बढ़ी हुई दर से करने का निर्णय किसानों के लिए महत्वपूर्ण राहत है।

उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल के साथ सार्थक चर्चा के बाद लिया गया यह निर्णय किसानों के हितों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की कार्यशैली को दर्शाता है। किसान दिन-रात मेहनत कर देश और प्रदेश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनके श्रम का सम्मान करते हुए उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना आवश्यक है।

डॉ. माहला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण जैसी पहलों के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता, जोखिम से सुरक्षा और बेहतर कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार कृषक उन्नति योजना, कृषि पंपों के लिए बिजली सहायता तथा किसान हितैषी निर्णयों के माध्यम से प्रदेश की कृषि व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि किसान समृद्ध होंगे तो गांव समृद्ध होंगे और गांवों की खुशहाली से ही विकसित एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा। डॉ. माहला ने गन्ना खरीदी दर में वृद्धि के निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गन्ना उत्पादक किसान भाई-बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top