छत्तीसगढ़ के 50 एथलीट जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दिखाएंगे दमखम, 20 अक्टूबर को रवाना होगी टीम

Darshan Balod
0

 




रायपुर। एएफआई (एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के तत्वावधान में 41वीं जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का आयोजन तमिलनाडु के जे.एन. एथलेटिक्स स्टेडियम में 23 से 27 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में देशभर के चयनित खिलाड़ी अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हुए एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। छत्तीसगढ़ से 50 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है, जो प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। टीम 20 अक्टूबर को तमिलनाडु के लिए रवाना होगी।

छत्तीसगढ़ की टीम में हाल ही में आयोजित वेस्ट जोन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा पदक विजेता खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई है। एएफआई के निर्धारित मापदंडों के अनुसार पात्रता पूरी करने वाले खिलाड़ियों और चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एथलीटों का चयन टीम में किया गया है। इनमें अधिकांश खिलाड़ी हालिया प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं।

इन खिलाड़ियों का हुआ चयन

चयनित खिलाड़ियों में तिलक बर्सेल (100 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद), आदित्य कुमार (800 मीटर दौड़), निखिल वर्मा (लंबी कूद), दिनकर (5000 मीटर पैदल चाल), हर्ष निषाद (1500 मीटर दौड़), अनुराग एक्का (5000 मीटर पैदल चाल), मुकंद वर्मा (लंबी कूद), मान्यता (ऊंची कूद), बी. गणेश (400 मीटर दौड़), श्याम दुबे (5000 मीटर पैदल चाल), योगेंद्र सिंह (110 मीटर बाधा दौड़), सुमित साहू (5000 मीटर पैदल चाल), शौर्य अग्रवाल (भाला फेंक), दर्शनिका मिश्रा (100 एवं 200 मीटर दौड़), किरण ध्रुव (100 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद), पूनम (भाला फेंक), तान्या केंवट (400 एवं 800 मीटर दौड़), हर्षा साहू (800 मीटर दौड़), तिलोक चंद (5000 मीटर दौड़), प्रांजल यादव (1500 मीटर दौड़), अभिषेक कुमार (400 मीटर दौड़), दंतेश्वरी (600 मीटर दौड़), रानू भोगामी (400 मीटर दौड़), देवानंद साहू (200 मीटर दौड़), राकेश सिंह (3000 मीटर स्टीपलचेज), सिद्धार्थ नागेश (गोला फेंक), अनंत कुमार साव (गोला फेंक), संदीप पोर्ते (हेप्टाथलॉन), कृष्णपाल सिंह, बाबू बैरा और बिरजू राम सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।

हालिया वेस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीते थे। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 40 पदक हासिल किए, जिसमें 10 स्वर्ण, 18 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल रहे।

कोच और मैनेजर भी टीम में शामिल

50 सदस्यीय छत्तीसगढ़ दल में कोच एवं मैनेजर भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। दीपक जे. पटेल को मुख्य दल प्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सुदर्शन सिंह अनिरुद्ध, सुनीति निषाद सहित अन्य प्रशिक्षक दल के साथ रहकर खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ की ओर से पदाधिकारियों एवं एथलेटिक्स परिवार के सदस्यों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। संघ ने उम्मीद जताई कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

जानकारी जी. रविराजा द्वारा प्रदान की गई।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top