बालोद। राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़, जिला बालोद के तत्वावधान में 3 अक्टूबर को कुर्मी भवन बालोद में सम्मान एवं शैक्षिक संगोष्ठी समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद के व्याख्याता (रसायन विज्ञान) नेमसिंह साहू को राज्य शिक्षक सम्मान 2025-26 प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सुधीर गौतम, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष अश्वनी चेलक, प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ ने नेमसिंह साहू को शैक्षिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
नेमसिंह साहू ने बालोद जिले में अपने 18 वर्षों के अध्यापन कार्यकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए हैं। शैक्षिक नवाचार, विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों तथा स्काउटिंग के क्षेत्र में उनके विशेष योगदान को देखते हुए उन्हें राज्य शिक्षक सम्मान 2025-26 से सम्मानित किया गया है। राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करने पर राज्य कर्मचारी संघ द्वारा उनका सम्मान किया गया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभा चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष बालोद, बोधीराम निषाद, प्रांतीय महामंत्री, भूषणलाल साहू, प्रांत संयोजक तथा वीरेंद्र देशमुख, प्रांतीय शिक्षा प्रकोष्ठ प्रमुख उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र देशलहरे, जिला सचिव गजेंद्रपुरी गोस्वामी सहित जिले एवं विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
नेमसिंह साहू को राज्य शिक्षक सम्मान प्राप्त होने पर स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद के समस्त स्टाफ एवं राज्य कर्मचारी संघ जिला बालोद के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

