बालोद/रायपुर। बालोद जिले के ग्राम भेड़िया नवागांव की मूल निवासी कवयित्री हर्षबाला साहू की कविताओं की रिकॉर्डिंग आकाशवाणी रायपुर में संपन्न हुई। उनकी कविताओं का प्रसारण आगामी 5 अक्टूबर को शाम 5:10 बजे आकाशवाणी रायपुर के लोकप्रिय ‘युवा वाणी’ कार्यक्रम में किया जाएगा। हर्षबाला की इस उपलब्धि से उनके गृहग्राम सहित बालोद जिले के साहित्यिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
हर्षबाला वर्तमान में एक निजी विद्यालय में शिक्षण कार्य कर रही हैं। अध्यापन के साथ-साथ वे साहित्य सृजन में भी सक्रिय हैं। ग्रामीण अंचल की मिट्टी और जीवन से गहरा जुड़ाव उनकी कविताओं में दिखाई देता है। उनकी रचनाओं में प्रकृति प्रेम, गांव की सोंधी यादें, बचपन की स्मृतियां, मां की ममता और दीपावली के दीयों की रोशनी जैसे विषयों का सहज एवं जीवंत चित्रण देखने को मिलता है।
पिता से मिले साहित्य के संस्कार
हर्षबाला साहू को साहित्य के संस्कार विरासत में मिले हैं। उनके पिता लोकनाथ साहू ‘आलोक’ अंचल के जाने-पहचाने एवं प्रतिष्ठित कवि हैं। उनकी रचनाओं का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन पर भी होता रहा है। वे देश के विभिन्न बड़े मंचों पर काव्यपाठ कर चुके हैं। वर्तमान में रायपुर में रहकर वे निरंतर साहित्य सेवा में सक्रिय हैं।
पिता के साहित्यिक पदचिह्नों पर आगे बढ़ते हुए हर्षबाला साहू ने भी अपनी रचनात्मक प्रतिभा के दम पर साहित्य के क्षेत्र में पहचान बनाई है। आकाशवाणी जैसे प्रतिष्ठित मंच पर उनकी कविताओं की रिकॉर्डिंग होना उनकी साहित्यिक यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
5 अक्टूबर को सुन सकेंगे कविताएं
हर्षबाला साहू की कविताओं का प्रसारण 5 अक्टूबर को शाम 5:10 बजे आकाशवाणी रायपुर के ‘युवा वाणी’ कार्यक्रम में किया जाएगा। उनके काव्यपाठ को लेकर साहित्य प्रेमियों में उत्सुकता है। विशेष रूप से बालोद जिले के साहित्यकार और उनके गृहग्राम भेड़िया नवागांव के लोग इस प्रसारण का इंतजार कर रहे हैं।
हर्षबाला साहू की इस उपलब्धि पर उनके गृहग्राम भेड़िया नवागांव सहित बालोद जिले और रायपुर के साहित्यकारों, शिक्षक समुदाय, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने हर्षबाला को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की है।

