गुरुर। ग्राम नरबदा में आयोजित दो दिवसीय रामायण प्रतियोगिता का शुभारंभ धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्रामवासियों द्वारा कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष तोमन साहू रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत बालोद की सभापति श्रीमती चंद्रिका गंजिर ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत गुरुर की अध्यक्ष सुनीता संजय साहू, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति संध्या अजेंद्र साहू उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नरबदा की सरपंच प्रीति साहू, उपसरपंच राजेंद्र कलिहारी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रामायण प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं रामायण के जीवन मूल्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न रामायण मंडलियों द्वारा रामायण की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

