गुंडरदेही। ग्राम सरेखा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में ताला तोड़कर मध्यान्ह भोजन के लिए रखे चावल चोरी करने के मामले में हल्दी चौकी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चार चावल के कट्टे, कीमत 5400 रुपये, तथा चोरी में प्रयुक्त एक लोहे की छेनी बरामद कर जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को स्कूल बंद होने के बाद अज्ञात आरोपियों ने सूनेपन का फायदा उठाकर स्कूल के स्टोर रूम का ताला तोड़कर मध्यान्ह भोजन के लिए रखे चार चावल के कट्टे चोरी कर लिए थे। 5 अक्टूबर की सुबह स्कूल खुलने पर चोरी की जानकारी सामने आई। प्रधान पाठक ऐस कुमार सिन्हा ने तत्काल हल्दी चौकी में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले में थाना गुंडरदेही में अपराध क्रमांक 320/2026, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सरेखा निवासी लवकुश कंवर (27) और हितेष कुमार विश्वकर्मा (19) को घटना के दौरान संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर स्कूल के पीछे स्थित पुराने बंद बाथरूम से चोरी किए गए चार चावल के कट्टे तथा चोरी में इस्तेमाल की गई लोहे की छेनी बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों लवकुश कंवर पिता मोतीलाल कंवर, उम्र 27 वर्ष एवं हितेष कुमार विश्वकर्मा पिता शत्रुहन विश्वकर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम सरेखा, चौकी हल्दी, थाना गुंडरदेही, को 8 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुंडरदेही बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में तथा हल्दी चौकी प्रभारी सउनि. लता तिवारी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक टामन नेताम, आरक्षक विकास साहू, निलेश नेताम, राकेश साहू सहित अन्य पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।

