गुण्डरदेही। अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत गुण्डरदेही पुलिस ने ग्राम डौकीडीह स्थित डुडिया तालाब के पास एक व्यक्ति को 32 पौव्वा रोमियो देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से बरामद शराब की कुल मात्रा 5.760 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,560 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डौकीडीह के डुडिया तालाब के पास एक व्यक्ति अधिक मात्रा में अवैध शराब रखे हुए है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक बोरे में शराब रखे मिला।
पूछताछ में उसने अपना नाम दिनेश सूर्यवंशी, पिता मोतीलाल सूर्यवंशी, उम्र 40 वर्ष, निवासी अण्डा, थाना अण्डा, जिला दुर्ग बताया। पुलिस द्वारा शराब रखने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात लिखित में बताई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 पौव्वा रोमियो देशी प्लेन शराब, कुल 5.760 बल्क लीटर, कीमत 2,560 रुपये बरामद कर जब्त की। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर 1 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुण्डरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक धनेश्वर कंवर, आरक्षक यशवंत देशमुख एवं आरक्षक पंकज तारम की विशेष भूमिका रही।

