बालोद, 6 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में मतदाता सूची को अपडेट करने और छूटे हुए पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान नए पात्र युवा मतदाताओं और पहली बार मतदान के लिए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि अर्हता पूरी करने वाला कोई भी नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। ऐसे नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश अब तक निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हो पाया है, वे इस अभियान के दौरान अपना नाम दर्ज करा सकेंगे।
घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण की प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा घर-घर भ्रमण किया जाएगा। इस दौरान पात्र नागरिकों से आवश्यक जानकारी एवं आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ के भ्रमण के दौरान आवश्यक सहयोग करें और पात्र परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाएं।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप अथवा आधिकारिक वेब पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाकर फॉर्म-6 के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी नवयुवाओं तथा ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनसे अभियान का लाभ उठाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है और इसके लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना पहला आवश्यक कदम है।
